प्रधानमंत्री मोदी करेंगे दिल्ली-मेरठ नमो भारत कॉरिडोर के नए खंड का उद्घाटन, यात्रा का समय एक तिहाई घटेगा – Uttaranchal Ratna
Deprecated: Function WP_Dependencies->add_data() was called with an argument that is deprecated since version 6.9.0! IE conditional comments are ignored by all supported browsers. in /home/u141101890/domains/uttaranchalratna.com/public_html/wp-includes/functions.php on line 6260

प्रधानमंत्री मोदी करेंगे दिल्ली-मेरठ नमो भारत कॉरिडोर के नए खंड का उद्घाटन, यात्रा का समय एक तिहाई घटेगा

साहिबाबाद से न्यू अशोक नगर के बीच दौड़ेगी नमो भारत, PM मोदी करेंगे उद्घाटन; जानें किराया व अन्य सुविधाएं
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी रविवार को साहिबाबाद से न्यू अशोक नगर के बीच दिल्ली-मेरठ नमो भारत कॉरिडोर के अतिरिक्त 13 किलोमीटर लंबे खंड का उद्घाटन करेंगे। इस उद्घाटन के साथ नमो भारत ट्रेन दिल्ली पहुंचेगी, जिससे दिल्ली में रहने वाले लोगों के लिए मेरठ तक का सफर आसान हो जाएगा।
रविवार शाम 5 बजे से शुरू होने वाली नमो भारत ट्रेनें 15 मिनट के अंतराल पर जनता के लिए शुरू होंगी। दिल्ली से मेरठ जाने वाले स्टेशन न्यू अशोक नगर स्टेशन से मेरठ साउथ तक का स्टैंडर्ड कोच के लिए 150 रुपये और प्रीमियम कोच के लिए 225 रुपये है। सभी यात्रियों की सहायता और सुविधा के लिए प्रत्येक ट्रेन में एक ट्रेन अटेंडेंट उपलब्ध है। इसके अतिरिक्त आपातकालीन स्थिति में मदद के लिए कोच के अंदर और प्लेटफ़ॉर्म स्क्रीन दरवाज़ों पर एक पैनिक बटन दिया गया है।
मौजूदा समय में साहिबाबाद मेरठ दक्षिण के बीच कॉरिडोर का 42 किलोमीटर लंबा हिस्सा चालू है, जिसमें 9 स्टेशन हैं। इस उद्घाटन के साथ नमो भारत कॉरिडोर का परिचालन खंड 55 किलोमीटर तक बढ़ जाएगा, जिसमें कुल 11 स्टेशन होंगे। इसका परिचालन शुरू होने से मेरठ शहर अब नमो भारत के जरिए दिल्ली से सीधे जुड़ गया है। इससे यात्रा का समय एक तिहाई कम हो जाएगा, जिससे यात्री न्यू अशोक नगर से मेरठ साउथ तक सिर्फ 40 मिनट में यात्रा कर सकेंगे। न्यू अशोक नगर-सराय काले खां और मेरठ साउथ-मोदीपुरम में निर्माण कार्य तेजी से चल रहा है। पूरे दिल्ली-मेरठ नमो भारत कॉरिडोर के परिचालित हो जाने के बाद सड़कों से लगभग एक लाख से अधिक निजी वाहनों की संख्या कम होगी और सालाना 2.5 लाख टन कार्बन उत्सर्जन को कम किया जा सकेगा।

छह किलोमीटर हिस्सा है भूमिगत
13 किलोमीटर के सेक्शन में से छह किलोमीटर हिस्सा भूमिगत है, जिसमें कॉरिडोर का आनंद विहार आरआरटीएस स्टेशन शामिल है। यह पहली बार है जब नमो भारत ट्रेनें भूमिगत सेक्शन में दौड़ेंगी। इस सेक्शन में दूसरा स्टेशन न्यू अशोक नगर एक एलिवेटेड स्टेशन है। दोनों स्टेशन दिल्ली में स्थित हैं। नमो भारत स्टेशनों को इस तरह से डिजाइन और निर्मित किया गया है कि उन्हें जहां भी संभव हो, बस स्टैंड, रेलवे स्टेशन और मेट्रो स्टेशन जैसे मौजूदा सार्वजनिक परिवहन के साधनों से सहजता से एकीकृत किया जा सके।

स्टैंडर्ड कोच का किराया
स्टेशन किराया
न्यू अशोक नगर 20
आनंद विहार 30
साहिबाबाद 50
गाजियाबाद 60
गुलधर 70
दुहाई 80
दुहाई डिपो 90
मुरादनगर 100
मोदीनगर साउथ 120
मोदीनगर नार्थ 130
मेरठ साउथ 150

प्रिमियम कोच का किराया
स्टेशन किराया
न्यू अशोक नगर। 30
आनंद विहार। 45
साहिबाबाद 75
गाजियाबाद 90
गुलधर 105
दुहाई 120
दुहाई डिपो 135
मुरादनगर 150
मोदीनगर साउथ 180
मोदीनगर नार्थ 195
मेरठ साउथ 225

आनंद विहार आरआरटीएस स्टेशन
-आनंद विहार भूमिगत स्टेशन होने के साथ नमो भारत कॉरिडोर के सबसे बड़े स्टेशनों में से एक है।
-यात्री यहां से मेरठ साउथ की यात्रा महज 35 मिनट में तय कर सकेंगे।
-इस स्टेशन को इस प्रकार डिजाइन किया गया है कि यह सार्वजनिक परिवहन के मौजूदा छह माध्यमों के बीच मल्टी-मॉडल इंटीग्रेशन की सुविधा प्रदान करेगा। इसमें स्वामी विवेकानंद (आनंद विहार) और कौशांबी स्थित आईएसबीटी, मेट्रो के दो कॉरिडोर (पिंक और ब्लू लाइन), आनंद विहार रेलवे स्टेशन और सिटी बस स्टैंड शामिल हैं।
-इस स्टेशन के माध्यम से मेरठ एवं दिल्ली के यात्री मेट्रो, आईएसबीटी और रेलवे स्टेशन द्वारा देश के किसी भी कोने में निर्बाध यात्रा कर सकेंगे।
-यात्रियों की निर्बाध, सुविधाजनक और सुरक्षित यात्रा सुनिश्चित करने के लिए स्टेशन पर अलग-अलग प्रवेश एवं निकास द्वार तथा एफओबी की सुविधा प्रदान की गई है।
-यात्रियों की सुविधा के लिए आनंद विहार स्टेशन को ग्राउंड लेवल से महज आठ मीटर की गहराई पर बनाया गया है।
-इस स्टेशन में वाहनों और पैदल यात्रियों के आवागमन के लिए विशेष व्यवस्था के तहत गाजीपुर ड्रेन के ऊपर तीन पुल मार्ग बनाए गए हैं। इनमें से दो पुलों का प्रयोग वाहनों के प्रवेश एवं निकास के लिए और एक पुल का प्रयोग पैदल यात्रियों के आवागमन के लिए निर्धारित किया गया है।
-297 मीटर लंबे और 35 मीटर चौड़े इस स्टेशन के बाहरी स्ट्रक्चर को ग्रे रंग के फसाड से आवृत किया गया है और स्टेशन के अंदर दीवारों और पिलर्स को विट्रियस एनेमल पैनल से सजाया गया है। स्टेशन के अंदर कॉनकोर्स से प्लेटफॉर्म लेवल तक जाने के लिए सीढ़ियों के साथ लिफ्ट एवं एस्केलेटर्स की सुविधा प्रदान की गई है।
-यह स्टेशन आस-पास के इलाकों जैसे श्रेष्ठ विहार, रामप्रस्थ, बृज विहार और सूरजमल विहार के साथ-साथ दिल्ली और देश के अलग-अलग हिस्सों से आने वाले यात्रियों के लिए भी सुविधा प्रदान करेगा।

न्यू अशोक नगर आरआरटीएस स्टेशन
-न्यू अशोक नगर दिल्ली सेक्शन पर परिचालित होने वाला पहला एलिवेटेड नमो भारत स्टेशन है।
-यहां पर दिल्ली-गाज़ियाबाद-मेरठ नमो भारत कॉरिडोर, न्यू अशोक नगर मेट्रो स्टेशन को 20 मीटर की ऊंचाई पर क्रॉस करता है।
-इस स्टेशन को 90 मीटर लंबे एफओबी के माध्यम से दिल्ली मेट्रो की ब्लू लाइन के साथ जोड़ा गया है।
– यात्री स्टेशन से बाहर सड़क पर निकले बिना ही निर्बाध रूप से मेट्रो के न्यू अशोक नगर स्टेशन पहुंच सकेंगे।
-यह स्टेशन मेरठ से नोएडा तक की यात्रा में एक महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा। इस स्टेशन से यात्री महज 40 मिनट में मेरठ साउथ पहुंच सकेंगे।
-इस स्टेशन के आसपास के इलाकों जैसे न्यू अशोक नगर, मयूर विहार, वसुंधरा और चिल्ला गांव के यात्रियों की सुविधा के लिए दो प्रवेश निकास द्वार का निर्माण किया गया है।
-यहां दो पार्किंग का भी निर्माण किया गया है जिसकी कुल वाहन क्षमता लगभग 500 वाहनों से अधिक है।
-ट्रेन सेवाओं के साथ ही यात्रियों की सुविधा के लिए यहां वाणिज्यिक केंद्र बनाने की भी योजना बनाई गई है।
-बुजुर्गों, बच्चों, दिव्यांगजनों और महिलाओं सहित विभिन्न जनसांख्यिकी की जरूरतों पर विशेष ध्यान दिया गया है।
-स्टेशन परिसर में मुफ़्त पीने का पानी और शौचालय उपलब्ध हैं। स्टेशनों के अंदर और आसपास चौबीसों घंटे निगरानी के लिए सीसीटीवी कैमरे लगाए गए हैं।
-स्टेशनों पर डेडिकेटेड पिक-अप और ड्रॉप-ऑफ क्षेत्र बनाए गए हैं। स्टेशनों पर व्हीलचेयर और स्ट्रेचर को आसानी से लाने-ले जाने लिए रैंप एवं विशिष्ट, बड़ी लिफ्टें लगाई गई हैं।
– दृष्टिबाधित यात्रियों की सुविधा के लिए स्टेशन के डिजाइन में टैकटाइल पाथ को शामिल किया गया है, जो नेविगेशन में सहायता करने के साथ-साथ उनकी सुरक्षा सुनिश्चित करते हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *