Deprecated: Function WP_Dependencies->add_data() was called with an argument that is deprecated since version 6.9.0! IE conditional comments are ignored by all supported browsers. in /home/u141101890/domains/uttaranchalratna.com/public_html/wp-includes/functions.php on line 6170

स्वास्थ्य सचिव सचिन कुर्वे की केंद्रीय प्रतिनियुक्ति, शासन में फेरबदल के संकेत

उत्तराखंड कैडर के वरिष्ठ IAS अधिकारियों को केंद्र सरकार में अहम जिम्मेदारियां मिलने का सिलसिला लगातार जारी है। इसी क्रम में 2003 बैच के वरिष्ठ IAS अधिकारी सचिन कुर्वे को चेन्नई पोर्ट अथॉरिटी का नया चेयरपर्सन नियुक्त किया गया है। अपॉइंटमेंट्स कमिटी ऑफ द कैबिनेट (ACC) द्वारा जारी आदेश के अनुसार उन्हें जॉइंट सेक्रेटरी स्तर के चेयरपर्सन पद पर पांच वर्ष के लिए नियुक्त किया गया है। यह नियुक्ति पदभार ग्रहण करने की तिथि से प्रभावी होगी।

कार्मिक एवं प्रशिक्षण विभाग (DOPT) के मुताबिक सचिन कुर्वे को पे लेवल-14 के तहत यह जिम्मेदारी सौंपी गई है। वे इस पद पर तमिलनाडु कैडर के IAS अधिकारी सुनील पालीवाल का स्थान लेंगे। चेन्नई पोर्ट अथॉरिटी देश के प्रमुख समुद्री बंदरगाहों में शामिल है और इसका चेयरपर्सन पद बेहद महत्वपूर्ण माना जाता है। उत्तराखंड में रहते हुए सचिन कुर्वे स्वास्थ्य विभाग और नागरिक उड्डयन जैसे कई अहम विभागों की जिम्मेदारी संभाल चुके हैं। चारधाम यात्रा के बीच उनकी केंद्रीय प्रतिनियुक्ति के बाद अब राज्य सरकार के सामने नए स्वास्थ्य और उड्डयन सचिव की नियुक्ति बड़ी चुनौती मानी जा रही है।

इसी क्रम में उत्तराखंड कैडर के वरिष्ठ IAS अधिकारी सेंथिल पांडियन को भी केंद्र सरकार में नई जिम्मेदारी दी गई है। केंद्रीय प्रतिनियुक्ति में दो वर्ष का विस्तार मिलने के बाद उन्हें भारत सरकार में संयुक्त सचिव, पेयजल विभाग नियुक्त किया गया है। इन नियुक्तियों के बाद उत्तराखंड शासन में प्रशासनिक फेरबदल की चर्चाएं तेज हो गई हैं। माना जा रहा है कि आने वाले दिनों में कई विभागों में नई तैनातियां और जिम्मेदारियों का पुनर्वितरण किया जा सकता है। सूत्रों के अनुसार राज्य सरकार ने कुछ अन्य IAS अधिकारियों को भी केंद्रीय प्रतिनियुक्ति के लिए अनापत्ति प्रमाण पत्र (NOC) जारी किया है। इनमें सविन बंसल और वंदना का नाम भी चर्चा में है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *