उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी रविवार को पूर्व मुख्यमंत्री और महाराष्ट्र के पूर्व राज्यपाल भगत सिंह कोश्यारी के आवास पहुंचे। इस दौरान उन्होंने हाल ही में भारत सरकार द्वारा प्रदान किए गए देश के प्रतिष्ठित नागरिक सम्मान ‘पद्म भूषण’ से सम्मानित होने पर भगत सिंह कोश्यारी को शुभकामनाएं और बधाई दी। मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि भगत सिंह कोश्यारी को पद्म भूषण से सम्मानित किया जाना उत्तराखंड के साथ-साथ पूरे देश के लिए गर्व का विषय है। उन्होंने कहा कि यह सम्मान उनके लंबे सार्वजनिक जीवन, राष्ट्रसेवा, सामाजिक योगदान और जनकल्याण के प्रति समर्पण का सम्मान है।
सीएम धामी ने कहा कि भगत सिंह कोश्यारी ने अपने राजनीतिक जीवन में हमेशा जनहित, सादगी और राष्ट्रहित को सर्वोच्च प्राथमिकता दी। उत्तराखंड राज्य आंदोलन से लेकर प्रदेश के विकास और विभिन्न संवैधानिक जिम्मेदारियों के निर्वहन तक उनका योगदान बेहद महत्वपूर्ण रहा है। मुख्यमंत्री ने कहा कि भगत दा ने मुख्यमंत्री, सांसद, राज्यपाल और सामाजिक कार्यकर्ता के रूप में कई ऐसे आदर्श स्थापित किए हैं, जो आज की युवा पीढ़ी के लिए प्रेरणा का स्रोत हैं। उनका जीवन संघर्ष, सेवा और समर्पण की मिसाल है।
धामी ने कहा कि भगत सिंह कोश्यारी ने उत्तराखंड की सांस्कृतिक पहचान, सामाजिक चेतना और विकास के विभिन्न क्षेत्रों को मजबूत बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है। उनका अनुभव और मार्गदर्शन आने वाले समय में भी समाज और युवाओं को प्रेरित करता रहेगा। इस अवसर पर दोनों नेताओं के बीच विभिन्न सामाजिक और जनहित से जुड़े विषयों पर भी चर्चा हुई। पद्म भूषण सम्मान मिलने के बाद प्रदेशभर में भगत सिंह कोश्यारी को लगातार बधाइयां मिल रही हैं और लोगों में खुशी का माहौल है।