Deprecated: Function WP_Dependencies->add_data() was called with an argument that is deprecated since version 6.9.0! IE conditional comments are ignored by all supported browsers. in /home/u141101890/domains/uttaranchalratna.com/public_html/wp-includes/functions.php on line 6170

कानून व्यवस्था से खिलवाड़ करने वालों पर होगी सख्त कार्रवाई

कनखल क्षेत्र स्थित गुरुकुल कांगड़ी विश्वविद्यालय के पास कांवड़ यात्री को गोली मारने की सनसनीखेज घटना का हरिद्वार पुलिस ने त्वरित खुलासा कर दिया है। पुलिस ने मामले में चार आरोपियों को हिरासत में लिया है, जबकि तीन अन्य आरोपियों की तलाश अभी भी जारी है। घटना के बाद क्षेत्र में फैली दहशत के बीच पुलिस की कार्रवाई को बड़ी सफलता माना जा रहा है। पुलिस जांच में सामने आया है कि घटना किसी बड़ी साजिश का हिस्सा नहीं थी, बल्कि मामूली कहासुनी के बाद विवाद ने हिंसक रूप ले लिया था। बताया जा रहा है कि उत्तर प्रदेश और हरियाणा से गंगाजल लेकर लौट रहे कांवड़ यात्रियों की कुछ बाइक सवार युवकों से बहस हो गई थी। देखते ही देखते विवाद बढ़ गया और आरोपियों ने गोली चला दी।

गोलीबारी की घटना में हरियाणा के पानीपत निवासी अजय गंभीर रूप से घायल हो गए थे। घायल अवस्था में उन्हें पहले भूमानंद अस्पताल ले जाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उनकी गंभीर हालत को देखते हुए एम्स ऋषिकेश रेफर किया गया।  टना की सूचना मिलते ही कनखल पुलिस ने तत्काल कार्रवाई शुरू की। जांच के दौरान मुख्य आरोपी शिवराज को घटना में इस्तेमाल की गई बाइक के साथ गिरफ्तार कर लिया गया। इसके बाद पुलिस ने आदित्य कुमार, हेमंत कुमार और वंश गुप्ता को भी हिरासत में ले लिया। पुलिस अधिकारियों के अनुसार मामले में शामिल तीन अन्य आरोपी अभी फरार हैं। उनकी गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर लगातार दबिश दी जा रही है। पुलिस का कहना है कि जल्द ही सभी आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।

हरिद्वार के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक नवनीत सिंह ने बताया कि सभी गिरफ्तार आरोपियों के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। मामले की गंभीरता को देखते हुए जांच जारी है और फरार आरोपियों की तलाश में विशेष टीमें लगाई गई हैं। एसएसपी ने स्पष्ट कहा कि धर्मनगरी हरिद्वार में कानून व्यवस्था से खिलवाड़ करने वालों को किसी भी कीमत पर बख्शा नहीं जाएगा। ऐसे मामलों में दोषियों के खिलाफ सख्त से सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *