
बॉलीवुड से लेकर हॉलीवुड तक अपनी पहचान बना चुकीं ग्लोबल स्टार प्रियंका चोपड़ा एक बार फिर अपने शानदार फैशन सेंस को लेकर सुर्खियों में हैं। हाल ही में प्रियंका ने दुनिया के प्रतिष्ठित क्रिएटिव फेस्टिवल कान लायंस 2026 में हिस्सा लिया, जहां उनकी मौजूदगी ने सभी का ध्यान अपनी ओर खींच लिया। इस दौरान उन्होंने न सिर्फ स्टोरीटेलिंग और क्रिएटिविटी जैसे अहम विषयों पर अपनी बात रखी, बल्कि अपने स्टाइलिश लुक से भी लोगों को प्रभावित किया।
प्रियंका चोपड़ा को डेबसी थिएटर में आयोजित एक विशेष सत्र में आमंत्रित किया गया था, जहां उन्होंने ओरिजिनैलिटी, क्रिएटिव विजन और मनोरंजन उद्योग में कहानी कहने की कला पर अपने विचार साझा किए। इस मौके पर उन्होंने मशहूर डिजाइनर सिल्विया चेरासी की डिजाइन की हुई कलर-ब्लॉक्ड हॉल्टर मैक्सी ड्रेस पहनी, जिसकी कीमत लगभग 1 लाख 80 हजार 900 रुपये बताई जा रही है।
इटैलियन फैब्रिक से तैयार इस ड्रेस का कॉलम सिल्हूट और आकर्षक डिजाइन प्रियंका के व्यक्तित्व पर पूरी तरह फिट बैठता नजर आया। ड्रेस की हॉल्टर नेकलाइन और बैक टाई डिटेलिंग ने उनके लुक को और भी ग्लैमरस बना दिया। सोशल मीडिया पर प्रियंका की तस्वीरें और वीडियो तेजी से वायरल हो रहे हैं, जहां फैंस उनके फैशन सेंस की जमकर तारीफ कर रहे हैं।
अपने लुक को और खास बनाने के लिए प्रियंका ने फ्रेडा साल्वाडोर ब्रांड की लेदर थोंग सैंडल पहनी, जिसकी कीमत करीब 35,574 रुपये है। इसके अलावा उन्होंने एक खूबसूरत पिंक नेकलेस और लग्जरी रोलेक्स डे-डेट 40 चॉकलेट डायल वॉच के साथ अपने लुक को कंप्लीट किया। इवेंट में बोलने के कारण उन्होंने मेकअप और स्टाइलिंग को सिंपल रखते हुए कैजुअल पावर ड्रेसिंग का बेहतरीन उदाहरण पेश किया।
हेयरस्टाइल की बात करें तो प्रियंका ने अपने बालों को लूज वेव्स में स्टाइल किया और खुले बालों के साथ बेहद एलिगेंट लुक में नजर आईं। उनके इस अंदाज को फैशन एक्सपर्ट्स भी काफी पसंद कर रहे हैं।
वर्कफ्रंट पर नजर डालें तो प्रियंका चोपड़ा हाल ही में हॉलीवुड प्रोजेक्ट्स ‘सिटाडेल सीजन 2’ और ‘द ब्लफ’ में दिखाई दी थीं। अब वह लंबे समय बाद भारतीय सिनेमा में वापसी करने जा रही हैं। प्रियंका जल्द ही निर्देशक एस.एस. राजामौली की बहुप्रतीक्षित पैन इंडिया फिल्म ‘वाराणसी’ में नजर आएंगी। इस फिल्म में उनके साथ महेश बाबू और पृथ्वीराज सुकुमारन भी अहम भूमिकाओं में दिखाई देंगे। बड़े बजट और भव्य पैमाने पर बन रही यह फिल्म वर्ष 2027 में रिलीज होने की संभावना है।