Deprecated: Function WP_Dependencies->add_data() was called with an argument that is deprecated since version 6.9.0! IE conditional comments are ignored by all supported browsers. in /home/u141101890/domains/uttaranchalratna.com/public_html/wp-includes/functions.php on line 6170

दून अस्पताल में महिला ने लगाया अभद्र व्यवहार का आरोप, जांच के आदेश

राजधानी के दून अस्पताल में रविवार को एक मरीज और सफाईकर्मी के बीच हुए विवाद ने कुछ समय के लिए अस्पताल परिसर का माहौल तनावपूर्ण बना दिया। घटना रेडियोलॉजी विभाग के बाहर हुई, जहां अल्ट्रासाउंड के लिए पहुंची एक महिला और ड्यूटी पर मौजूद सफाईकर्मी के बीच कहासुनी हो गई। मामला बढ़ने पर सुरक्षाकर्मियों को हस्तक्षेप कर स्थिति को सामान्य करना पड़ा।अस्पताल प्रशासन को दी गई शिकायत के अनुसार, महिला अपने बच्चे के साथ अस्पताल आई थीं। शिकायत में कहा गया है कि बच्चे द्वारा चॉकलेट का रैपर जमीन पर गिर जाने के बाद उसे तुरंत उठा लिया गया, लेकिन इसके बावजूद वहां मौजूद सफाईकर्मी और महिला के बीच बहस शुरू हो गई। शिकायतकर्ता का आरोप है कि बहस के दौरान उनके साथ अभद्र व्यवहार किया गया और उन्हें धमकी भी दी गई।

विवाद बढ़ने पर अस्पताल परिसर में मौजूद सुरक्षाकर्मी तुरंत मौके पर पहुंचे और दोनों पक्षों को शांत कराया। इसके बाद महिला ने पूरे घटनाक्रम की लिखित शिकायत अस्पताल प्रशासन को सौंप दी और मामले में उचित कार्रवाई की मांग की। दूसरी ओर, सफाई व्यवस्था से जुड़े अधिकारियों ने बताया कि मामले की जानकारी मिलने के बाद संबंधित सफाईकर्मी की ड्यूटी में बदलाव किया जा रहा है। साथ ही पूरे घटनाक्रम की समीक्षा की जा रही है।

दून अस्पताल के चिकित्सा अधीक्षक डॉ. रविंद्र सिंह बिष्ट ने बताया कि शिकायत प्राप्त होने के बाद मामले की जांच के निर्देश दे दिए गए हैं। उन्होंने कहा कि जांच में जो भी तथ्य सामने आएंगे, उनके आधार पर नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। अस्पताल प्रशासन ने स्पष्ट किया कि मरीजों और उनके परिजनों के साथ सम्मानजनक व्यवहार सुनिश्चित करना प्राथमिकता है तथा किसी भी प्रकार की अनुचित घटना को गंभीरता से लिया जाएगा। फिलहाल मामले की जांच जारी है और प्रशासन का कहना है कि दोनों पक्षों के बयान एवं उपलब्ध तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *