हरिद्वार में सरकारी टीम पर हमला! अतिक्रमण की मार्किंग के दौरान मचा बवाल – Uttaranchal Ratna
Deprecated: Function WP_Dependencies->add_data() was called with an argument that is deprecated since version 6.9.0! IE conditional comments are ignored by all supported browsers. in /home/u141101890/domains/uttaranchalratna.com/public_html/wp-includes/functions.php on line 6260

हरिद्वार में सरकारी टीम पर हमला! अतिक्रमण की मार्किंग के दौरान मचा बवाल

हरिद्वार:- हरिद्वार में कुंभ मेले की तैयारियों के बीच अतिक्रमण चिन्हीकरण के लिए पहुंची पीडब्ल्यूडी की टीम के साथ मारपीट और सरकारी कार्य में बाधा डालने का मामला सामने आया है। घटना कनखल क्षेत्र में राष्ट्रीय राजमार्ग-58 से जुड़े इंदिरा बस्ती इलाके की बताई जा रही है। पीडब्ल्यूडी अधिकारियों का आरोप है कि प्रस्तावित मार्ग और अतिक्रमण की मार्किंग के दौरान कुछ लोगों ने विभागीय कर्मचारियों का विरोध करते हुए उनके साथ धक्का-मुक्की और मारपीट की। आरोप यह भी है कि टीम पर पत्थर और ईंटों से हमला किया गया तथा सरकारी दस्तावेज छीन लिए गए। मामले में कनखल कोतवाली में कार्रवाई के लिए तहरीर दी गई है।

कुंभ मेले की तैयारियों के तहत हो रहा था चिन्हीकरण

पीडब्ल्यूडी के अपर सहायक अभियंता चंद्र लाल भारती के अनुसार, कुंभ मेले की तैयारियों के मद्देनजर विभाग के उच्च अधिकारियों के निर्देश पर कनखल क्षेत्र में विश्व कल्याण आश्रम और मातृ सदन आश्रम से ज्वालापुर की ओर प्रस्तावित मार्ग का चिन्हीकरण किया जा रहा है। इसी क्रम में विभागीय टीम राष्ट्रीय राजमार्ग-58 से जुड़े क्षेत्र में अतिक्रमण की पहचान करने के लिए इंदिरा बस्ती पहुंची थी। आरोप है कि वहां मौजूद कुछ लोगों ने टीम के काम का विरोध शुरू कर दिया और सरकारी कार्य में बाधा पहुंचाई।

कर्मचारियों से धक्का-मुक्की और मारपीट का आरोप

अपर सहायक अभियंता की ओर से पुलिस को दी गई तहरीर में राकेश पुत्र ओमपाल, संजीव, राजीव, इंद्रावती समेत अन्य लोगों पर विभागीय कर्मचारियों के साथ अभद्रता, धक्का-मुक्की और मारपीट करने का आरोप लगाया गया है। पीडब्ल्यूडी टीम का कहना है कि विवाद के दौरान कुछ लोगों ने पत्थर और ईंटों से भी हमला किया, जिससे मौके पर अफरातफरी मच गई और कर्मचारियों को अपना काम रोकना पड़ा। बताया गया कि इस घटना में अपर सहायक अभियंता चंद्र लाल भारती, अमीन मेनपाल सिंह, सपना रतूड़ी और वाहन चालक वीरेंद्र घायल हो गए।

सरकारी दस्तावेज छीनने और मोबाइल छीनने की कोशिश का आरोप

विभागीय अधिकारियों ने आरोप लगाया कि विवाद और मारपीट के दौरान सरकारी अभिलेख, डायरी और भूमि से संबंधित महत्वपूर्ण दस्तावेज भी छीन लिए गए। इसके अलावा टीम के सदस्यों का मोबाइल छीनने का प्रयास किए जाने का भी आरोप लगाया गया है। अपर सहायक अभियंता ने नामजद आरोपियों के साथ ही घटना में शामिल अन्य लोगों के खिलाफ भी कानूनी कार्रवाई की मांग की है।

मारपीट का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल

घटना से जुड़ा एक वीडियो भी सोशल मीडिया पर वायरल होने की बात सामने आई है। वीडियो में कुछ लोग पीडब्ल्यूडी टीम के साथ कथित तौर पर अभद्रता, गाली-गलौज और मारपीट करते दिखाई दे रहे हैं। बताया जा रहा है कि घटना के दौरान विभागीय कर्मचारियों ने ही वीडियो रिकॉर्ड किया था। पीडब्ल्यूडी के अधिशासी अभियंता योगेश कुमार ने कहा कि विभागीय टीम अतिक्रमण की मार्किंग के लिए मौके पर गई थी, जहां कुछ लोगों ने कर्मचारियों के साथ मारपीट की। उन्होंने आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है।

वायरल वीडियो के आधार पर जांच में जुटी पुलिस

वहीं, कनखल कोतवाली पुलिस मामले की जांच कर रही है। एसएसआई अनुज सिंह के अनुसार, वायरल वीडियो और अन्य उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर मारपीट में शामिल लोगों की पहचान की जा रही है। पुलिस का कहना है कि जांच के बाद नियमानुसार आगे की कार्रवाई की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *