गर्भवती महिला को भी नहीं बख्शा, इलाके में दहशत – Uttaranchal Ratna
Deprecated: Function WP_Dependencies->add_data() was called with an argument that is deprecated since version 6.9.0! IE conditional comments are ignored by all supported browsers. in /home/u141101890/domains/uttaranchalratna.com/public_html/wp-includes/functions.php on line 6260

गर्भवती महिला को भी नहीं बख्शा, इलाके में दहशत

रुड़की से रिश्तों को शर्मसार कर देने वाला एक सनसनीखेज मामला सामने आया है। गंगनहर कोतवाली क्षेत्र के रामनगर नई बस्ती में एक विवाहिता और उसकी गर्भवती बहन के साथ कथित तौर पर बेरहमी से मारपीट की गई। आरोप है कि पारिवारिक विवाद के बाद भाभी के उकसाने पर कुछ दबंग घर में घुस आए और महिलाओं सहित पूरे परिवार पर लाठी-डंडों से हमला कर दिया। घटना के बाद इलाके में दहशत का माहौल है।

जानकारी के अनुसार, सलेमपुर राजपूतान निवासी सोनम की शादी सचिन कुमार के साथ हुई थी। सोनम का आरोप है कि जब भी वह अपने मायके आती थी, उसकी भाभी सपना बिना किसी वजह के विवाद और झगड़ा शुरू कर देती थी। इसी तनाव के बीच 17 मई को सोनम अपनी गर्भवती छोटी बहन से मिलने मायके पहुंची थी, जहां एक बार फिर कहासुनी शुरू हो गई।

पीड़िता के मुताबिक मामला 19 मई को उस समय गंभीर हो गया जब भाभी सपना के भाई आकाश, साहिल और लक्की मौके पर पहुंचे। आरोप है कि आकाश ने फोन कर दो कारों में 7 से 8 अज्ञात लोगों को बुलाया, जो लाठी-डंडों और हथियारों से लैस थे। इसके बाद सभी ने घर में घुसकर सोनम, उसके माता-पिता और उसकी गर्भवती बहन के साथ मारपीट शुरू कर दी।

पीड़िता ने आरोप लगाया कि हमलावरों ने महिलाओं को भी नहीं बख्शा और गर्भवती बहन के साथ भी बेरहमी से मारपीट की गई। चीख-पुकार सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और किसी तरह बीच-बचाव कर महिलाओं की जान बचाई। बताया जा रहा है कि जाते समय आरोपी परिवार को जान से मारने की धमकी देकर फरार हो गए। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि पुलिस में शिकायत की गई या दोबारा इलाके में दिखाई दिए तो गंभीर परिणाम भुगतने होंगे।

घटना के बाद डरी-सहमी पीड़िता सोनम ने गंगनहर कोतवाली पहुंचकर पुलिस को तहरीर दी और आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की। वहीं इस घटना ने इलाके की सुरक्षा व्यवस्था पर भी सवाल खड़े कर दिए हैं कि दिन-दहाड़े हथियारों से लैस बदमाश खुलेआम हमला कर फरार हो गए। फिलहाल पुलिस मामले की जांच में जुट गई है और नामजद आरोपियों समेत अज्ञात हमलावरों की तलाश की जा रही है। पुलिस का कहना है कि मामले की जांच के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *