देहरादून में युवाओं का हल्ला बोल, पेपर लीक मामलों पर सख्त कार्रवाई की मांग – Uttaranchal Ratna
Deprecated: Function WP_Dependencies->add_data() was called with an argument that is deprecated since version 6.9.0! IE conditional comments are ignored by all supported browsers. in /home/u141101890/domains/uttaranchalratna.com/public_html/wp-includes/functions.php on line 6260

देहरादून में युवाओं का हल्ला बोल, पेपर लीक मामलों पर सख्त कार्रवाई की मांग

देहरादून:- देशभर में पेपर लीक मामलों को लेकर चल रही बहस के बीच उत्तराखंड की राजधानी देहरादून में भी युवाओं का विरोध प्रदर्शन देखने को मिला। शुक्रवार शाम घंटाघर स्थित स्वर्गीय इंद्रमणि बडोनी की प्रतिमा के पास कॉकरोच जनता पार्टी से जुड़े युवाओं और छात्रों ने शांतिपूर्ण तरीके से प्रदर्शन कर परीक्षा प्रणाली में पारदर्शिता, जवाबदेही और शिक्षा व्यवस्था में सुधार की मांग उठाई। प्रदर्शन के दौरान छात्र-छात्राओं ने हाथों में पोस्टर और तख्तियां लेकर पेपर लीक की घटनाओं के खिलाफ विरोध जताया। प्रदर्शनकारियों ने कहा कि लगातार सामने आ रहे पेपर लीक के मामलों से युवाओं का भविष्य प्रभावित हो रहा है और प्रतियोगी परीक्षाओं की निष्पक्षता पर सवाल खड़े हो रहे हैं। इसी क्रम में प्रदर्शन के दौरान केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग भी उठाई गई।

प्रदर्शन में शामिल युवाओं का कहना था कि उनका उद्देश्य किसी प्रकार का तनाव पैदा करना नहीं, बल्कि शिक्षा व्यवस्था में पारदर्शिता और जवाबदेही सुनिश्चित कराने की मांग को लोकतांत्रिक तरीके से उठाना है। प्रदर्शन पूरे समय शांतिपूर्ण रहा और युवाओं ने अपने विचार पोस्टरों और नारों के माध्यम से व्यक्त किए। प्रदर्शन में मौजूद एक छात्रा ने कहा कि युवा अपने अधिकारों और भविष्य की सुरक्षा के लिए आवाज उठा रहे हैं। उनका कहना था कि यदि पेपर लीक जैसे मामलों में जिम्मेदारी तय नहीं की जाती और दोषियों के खिलाफ प्रभावी कार्रवाई नहीं होती, तो भविष्य में भी ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति की आशंका बनी रहेगी।

छात्रा ने यह भी कहा कि शिक्षा और स्वास्थ्य जैसे महत्वपूर्ण क्षेत्रों में बेहतर नीतियां और प्रभावी प्रशासन आवश्यक हैं। उनके अनुसार, यदि शिक्षा व्यवस्था में अपेक्षित सुधार नहीं किए जाते, तो युवा लोकतांत्रिक और संवैधानिक अधिकारों के तहत शांतिपूर्ण तरीके से अपनी बात आगे भी उठाते रहेंगे। हाल के दिनों में विभिन्न राज्यों में पेपर लीक और परीक्षा प्रणाली को लेकर विरोध प्रदर्शन तेज हुए हैं। ऐसे में देहरादून में हुआ यह प्रदर्शन भी युवाओं की शिक्षा व्यवस्था को लेकर बढ़ती चिंताओं और जवाबदेही की मांग को सामने लाता है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *