लुधियाना स्टेशन को विश्वस्तरीय बनाने का काम धीमा, 17 महीने में सिर्फ 14% बढ़ा निर्माण – Uttaranchal Ratna
Deprecated: Function WP_Dependencies->add_data() was called with an argument that is deprecated since version 6.9.0! IE conditional comments are ignored by all supported browsers. in /home/u141101890/domains/uttaranchalratna.com/public_html/wp-includes/functions.php on line 6260

लुधियाना स्टेशन को विश्वस्तरीय बनाने का काम धीमा, 17 महीने में सिर्फ 14% बढ़ा निर्माण

लुधियाना:– महानगर के सबसे व्यस्त रेलवे स्टेशनों में शामिल लुधियाना रेलवे स्टेशन के बहुप्रतीक्षित विश्वस्तरीय पुनर्विकास प्रोजेक्ट की रफ्तार धीमी होने के कारण इसकी समयसीमा एक बार फिर आगे बढ़ती नजर आ रही है। फिरोजपुर रेल मंडल के अधिकारियों के अनुसार, 528.95 करोड़ रुपये की लागत वाले प्रोजेक्ट का करीब 58 प्रतिशत काम पूरा हो चुका है, जबकि 42 प्रतिशत निर्माण अभी बाकी है। मौजूदा प्रगति को देखते हुए अब परियोजना के जून 2027 तक पूरा होने की संभावना जताई जा रही है।

अप्रैल 2026 की डेडलाइन से जून 2027 तक पहुंचा लक्ष्य

EPC मॉडल पर चल रहे इस प्रोजेक्ट की समयसीमा पहले भी कई बार बढ़ाई जा चुकी है। शुरुआत में इसे अगस्त 2025 तक पूरा करने का प्रस्ताव था। इसके बाद समयसीमा बढ़ाकर अप्रैल 2026 की गई और काम की धीमी गति को देखते हुए इसे दिसंबर 2026 तक पूरा करने का लक्ष्य रखा गया। अब प्रोजेक्ट की मौजूदा स्थिति और बचे हुए 42 प्रतिशत काम को देखते हुए रेलवे अधिकारियों का अनुमान है कि निर्माण पूरा होने में जून 2027 तक का समय लग सकता है।

17 महीने में सिर्फ 14 प्रतिशत बढ़ा काम

प्रोजेक्ट की धीमी गति का अंदाजा इसकी प्रगति रिपोर्ट से लगाया जा सकता है। फरवरी 2025 में स्टेशन के करीब 44 प्रतिशत काम के पूरा होने की जानकारी सामने आई थी। इसके बाद करीब 17 महीनों में प्रगति केवल 14 प्रतिशत बढ़ी और कुल काम 58 प्रतिशत तक पहुंच पाया। निर्माण की इस रफ्तार के कारण यात्रियों और शहरवासियों को आधुनिक रेलवे स्टेशन के लिए अभी और इंतजार करना पड़ सकता है।

ब्राउनफील्ड प्रोजेक्ट और भारी ट्रैफिक बड़ी चुनौती

रेलवे निर्माण विभाग के अधिकारियों के अनुसार, लुधियाना स्टेशन पंजाब के सबसे व्यस्त रेलवे स्टेशनों में से एक है। इसका पुनर्विकास ब्राउनफील्ड प्रोजेक्ट के तहत किया जा रहा है, यानी मौजूदा और चालू स्टेशन के बीच ही निर्माण कार्य किया जा रहा है। निर्माण शुरू करने से पहले रेलवे के विभिन्न कार्यालयों और जरूरी सेवाओं को दूसरी जगह स्थानांतरित कर जगह खाली करानी पड़ी। अधिकारियों के मुताबिक इस प्रक्रिया में करीब एक साल का समय लगा। इसी वजह से जमीनी स्तर पर निर्माण कार्य मार्च 2023 के बजाय 2024 में गति पकड़ सका। इसके अलावा स्टेशन पर 24 घंटे ट्रेनों का संचालन और लगातार भारी यात्री दबाव बना रहता है। ऐसे में यात्रियों की सुरक्षा और ट्रेनों के परिचालन को प्रभावित किए बिना निर्माण करना रेलवे के सामने बड़ी तकनीकी चुनौती है।

पार्किंग सुविधा फिर शुरू, यात्रियों को राहत

पुनर्विकास कार्य के कारण स्टेशन की पार्किंग लंबे समय से बंद थी। इससे रोजाना स्टेशन आने वाले हजारों यात्रियों को अपने वाहनों की पार्किंग को लेकर परेशानी हो रही थी। रेलवे प्रशासन ने यात्रियों को राहत देते हुए आज से स्टेशन की पार्किंग सुविधा दोबारा शुरू कर दी है। पार्किंग शुरू होने से यात्रियों को वाहन खड़ा करने में हो रही परेशानी कम होने की उम्मीद है।

क्या काम पूरा हो चुका है?

प्रोजेक्ट के तहत तीन मंजिला मल्टी-लेवल पार्किंग का बेसिक स्ट्रक्चर और नया आधुनिक रेलवे अस्पताल भवन तैयार हो चुका है। वहीं मुख्य प्रवेश द्वार की ओर छह मंजिला भव्य स्टेशन बिल्डिंग, सिविल लाइंस की तरफ तीन मंजिला भवन, गेस्ट हाउस और रेलवे कर्मचारियों के लिए करीब 130 आधुनिक क्वार्टर का निर्माण जारी है।

विश्वस्तरीय स्टेशन में मिलेंगी आधुनिक सुविधाएं

पुनर्विकास पूरा होने के बाद लुधियाना रेलवे स्टेशन को आधुनिक सुविधाओं से लैस किया जाएगा। प्रोजेक्ट की प्रमुख विशेषताओं में ईस्ट और वेस्ट दोनों तरफ नए मुख्य स्टेशन भवन शामिल हैं। इन भवनों को आधुनिक ग्रीन बिल्डिंग सर्टिफिकेशन की गोल्ड रेटिंग के अनुरूप विकसित किया जा रहा है।

स्टेशन तक सीधी और सुगम पहुंच के लिए एलिवेटेड रोड भी प्रस्तावित है। इससे स्टेशन के बाहर यातायात दबाव और जाम की समस्या कम करने में मदद मिलने की उम्मीद है। इसके अलावा यात्रियों के Arrival और Departure के लिए अलग-अलग मार्ग विकसित किए जाएंगे। दूसरी मुख्य एंट्री भी तैयार की जाएगी। प्रोजेक्ट में तीन मंजिला मल्टी-लेवल कार पार्किंग के साथ करीब 1.30 लाख वर्ग फुट की सरफेस पार्किंग की सुविधा भी शामिल है। परियोजना पूरी होने के बाद यात्रियों को बेहतर कनेक्टिविटी, पार्किंग और आधुनिक स्टेशन सुविधाएं मिलने की उम्मीद है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *