UP Rain Alert: लखनऊ समेत 30 जिलों में बारिश का अलर्ट, नदियों के बढ़ते जलस्तर ने बढ़ाई चिंता – Uttaranchal Ratna
Deprecated: Function WP_Dependencies->add_data() was called with an argument that is deprecated since version 6.9.0! IE conditional comments are ignored by all supported browsers. in /home/u141101890/domains/uttaranchalratna.com/public_html/wp-includes/functions.php on line 6260

UP Rain Alert: लखनऊ समेत 30 जिलों में बारिश का अलर्ट, नदियों के बढ़ते जलस्तर ने बढ़ाई चिंता

 

लखनऊ:- उत्तर प्रदेश में मानसून का असर लगातार बना हुआ है। प्रदेश के पूर्वी और पश्चिमी हिस्सों में पिछले 24 घंटे के दौरान कई जगहों पर भारी से बहुत भारी बारिश दर्ज की गई। मौसम विभाग के आंकड़ों के मुताबिक इस अवधि में राज्य में औसतन 13.3 मिलीमीटर बारिश रिकॉर्ड हुई, जबकि सामान्य बारिश 6.3 मिलीमीटर होती है। इस तरह बारिश सामान्य से 111 फीसदी अधिक रही। मौसम विज्ञान विभाग ने शनिवार को भी प्रदेश के 30 से अधिक जिलों में गरज-चमक के साथ बारिश होने की संभावना जताई है। इस दौरान लोगों को मौसम को लेकर सतर्क रहने की सलाह दी गई है।

कई नदियां खतरे के निशान के ऊपर

लगातार बारिश के साथ पहाड़ी क्षेत्रों और दूसरे राज्यों से आ रहे पानी के कारण उत्तर प्रदेश की कई नदियों के जलस्तर में बढ़ोतरी हुई है। राहत आयुक्त की ओर से जारी आंकड़ों के अनुसार गंगा और गंगा बेसिन की कुछ नदियां अलग-अलग स्थानों पर खतरे के निशान से ऊपर बह रही हैं।

  • गंगा, भिटौरा (फतेहपुर): खतरे के निशान से 0.01 मीटर ऊपर
  • गंगा, बलिया: 0.56 मीटर ऊपर, हालांकि जलस्तर में कमी दर्ज की जा रही है
  • नून, ओरई-2, मंगरायन (जालौन): 0.12 मीटर ऊपर, जलस्तर घट रहा है
  • जिरगो, अहरौरा (मिर्जापुर): 0.12 मीटर ऊपर
  • टोंस, चाकघाट (प्रयागराज): 0.40 मीटर ऊपर

राहत आयुक्त ने नदी किनारे और जलभराव वाले इलाकों में रहने वाले लोगों से विशेष सावधानी बरतने को कहा है। नागरिकों को नदियों और जलभराव वाले क्षेत्रों से दूरी बनाए रखने तथा स्थानीय प्रशासन की ओर से जारी दिशा-निर्देशों का पालन करने की अपील की गई है।

पूरे मानसूनी सीजन में बारिश 8% कम

हालांकि हालिया दिनों में बारिश का दौर तेज हुआ है, लेकिन पूरे मानसून सीजन की बात करें तो उत्तर प्रदेश में अभी भी सामान्य से कम बारिश दर्ज की गई है। 1 जून से 28 अगस्त के बीच प्रदेश में 577 मिलीमीटर अनुमानित बारिश के मुकाबले 530 मिलीमीटर बारिश रिकॉर्ड हुई है। यानी इस अवधि में बारिश सामान्य से 8 फीसदी कम रही।

इन 30 जिलों में बारिश का अलर्ट

शनिवार को जिन जिलों में बारिश की चेतावनी जारी की गई है, उनमें बिजनौर, अमरोहा, मुरादाबाद, संभल, रामपुर, बदायूं, बरेली, पीलीभीत, शाहजहांपुर, हरदोई, बाराबंकी, लखनऊ, बहराइच, गोंडा, बलरामपुर, श्रावस्ती, देवरिया, महाराजगंज, मऊ, जौनपुर, आजमगढ़, बस्ती, मिर्जापुर, चंदौली, कौशांबी, प्रयागराज, सुल्तानपुर, अमेठी, रायबरेली और प्रतापगढ़ शामिल हैं। इन क्षेत्रों में गरज-चमक के साथ बारिश होने की संभावना को देखते हुए लोगों को सावधानी बरतने की सलाह दी गई है।

लखनऊ में कैसा रहेगा मौसम?

राजधानी लखनऊ में शनिवार को मौसम में उतार-चढ़ाव देखने को मिल सकता है। मौसम विभाग के अनुसार राजधानी में कई स्थानों पर आसमान साफ रहने और धूप निकलने की संभावना है। हालांकि बीच-बीच में बादलों की आवाजाही बनी रहेगी और कुछ स्थानों पर गरज-चमक के साथ हल्की बारिश भी हो सकती है।

बहराइच रहा यूपी का सबसे गर्म जिला

शुक्रवार को बहराइच प्रदेश का सबसे गर्म जिला रहा। यहां अधिकतम तापमान 35.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य तापमान से करीब 3 डिग्री अधिक है। वहीं, प्रदेश में सबसे कम न्यूनतम तापमान बिजनौर में 21 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड हुआ। यह सामान्य से करीब 4 डिग्री सेल्सियस कम रहा।

अगले 48 घंटे बारिश में आएगी कमी

मौसम वैज्ञानिक डॉ. अतुल सिंह के मुताबिक अगले 48 घंटे के दौरान उत्तर प्रदेश के दोनों संभागों में तेज बारिश की गतिविधियों में कमी आने की संभावना है। हालांकि कुछ स्थानों पर गरज-चमक के साथ हल्की से मध्यम बारिश का सिलसिला जारी रह सकता है। उन्होंने बताया कि सितंबर की शुरुआत में एक बार फिर बारिश की तीव्रता बढ़ने के आसार हैं। इस दौरान बारिश का दायरा भी बढ़ सकता है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *