BJP प्रदेश कार्यसमिति में नितिन नवीन का संबोधन, Gen Z और पूर्व सैनिकों से भी करेंगे संवाद – Uttaranchal Ratna
Deprecated: Function WP_Dependencies->add_data() was called with an argument that is deprecated since version 6.9.0! IE conditional comments are ignored by all supported browsers. in /home/u141101890/domains/uttaranchalratna.com/public_html/wp-includes/functions.php on line 6260

BJP प्रदेश कार्यसमिति में नितिन नवीन का संबोधन, Gen Z और पूर्व सैनिकों से भी करेंगे संवाद

हल्द्वानी: उत्तराखंड भाजपा की प्रदेश कार्यसमिति की अहम बैठक 9 सितंबर को आयोजित होने जा रही है। बैठक में प्रदेशभर से पार्टी के 597 पदाधिकारी शामिल होंगे। भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन बैठक में मुख्य अतिथि के रूप में मौजूद रहेंगे और पार्टी पदाधिकारियों व कार्यकर्ताओं को संबोधित करेंगे। प्रदेश भाजपा अध्यक्ष महेंद्र भट्ट ने हल्द्वानी में बैठक की तैयारियों और एजेंडे को लेकर जानकारी दी। उन्होंने बताया कि प्रदेश कार्यसमिति की बैठक बुधवार सुबह 11 बजे से शुरू होगी। इसमें उत्तराखंड के सभी जिलों और संगठनात्मक इकाइयों से जुड़े पदाधिकारी हिस्सा लेंगे।

विकसित उत्तराखंड के रोडमैप पर होगी चर्चा

बैठक में राज्य के विकास से जुड़े मुद्दों के साथ विकसित उत्तराखंड के रोडमैप पर भी चर्चा की जाएगी। इसके लिए बैठक में दो महत्वपूर्ण प्रस्ताव रखे जाने की जानकारी दी गई है। इसके अलावा प्रदेश के मौजूदा राजनीतिक हालात पर भी पार्टी के वरिष्ठ नेता विचार-विमर्श करेंगे।

2027 विधानसभा चुनाव पर भाजपा का फोकस

प्रदेश कार्यसमिति की बैठक में आगामी उत्तराखंड विधानसभा चुनाव 2027 को लेकर भाजपा की रणनीति पर विशेष मंथन होगा। संगठन को चुनावी मोड में लाने, बूथ स्तर पर तैयारियों को मजबूत करने और कार्यकर्ताओं को सक्रिय करने की दिशा में रोडमैप तैयार किया जाएगा। राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन पार्टी कार्यकर्ताओं को चुनावी तैयारियों को लेकर दिशा-निर्देश देंगे और आगामी विधानसभा चुनाव में जीत के लक्ष्य के साथ संगठन को मजबूत करने का मंत्र देंगे।

Gen Z और पूर्व सैनिकों से भी संवाद करेंगे नितिन नवीन

नितिन नवीन के उत्तराखंड दौरे में कार्यसमिति बैठक के अलावा कई अन्य कार्यक्रम भी प्रस्तावित हैं। वह युवाओं, विशेष रूप से Gen Z के साथ संवाद करेंगे। इसके अलावा पूर्व सैनिक सम्मेलन में भी शामिल होने का कार्यक्रम है। वहीं, रुद्रपुर में आयोजित होने वाले सिख समाज के सम्मेलन को भी नितिन नवीन संबोधित करेंगे। इन कार्यक्रमों के जरिए भाजपा विभिन्न वर्गों के साथ संवाद और संपर्क को मजबूत करने की कोशिश करेगी।

प्रदेश प्रभारी और महामंत्री संगठन की गैरमौजूदगी चर्चा में

प्रदेश कार्यसमिति की बैठक से पहले संगठन के भीतर कुछ अहम सवाल भी चर्चा का विषय बने हुए हैं। बताया जा रहा है कि प्रदेश प्रभारी दुष्यंत गौतम कार्यक्रम में नजर नहीं आएंगे। इसके साथ ही उत्तराखंड भाजपा में महामंत्री संगठन का पद फिलहाल रिक्त है। ऐसे में प्रदेश प्रभारी और महामंत्री संगठन की गैरमौजूदगी के बीच होने वाली इस महत्वपूर्ण बैठक पर पार्टी कार्यकर्ताओं और राजनीतिक हलकों की नजर बनी हुई है। अब अहम सवाल यह है कि प्रदेश कार्यसमिति में भाजपा 2027 विधानसभा चुनाव के लिए कौन सी रणनीति तय करती है और संगठन को चुनावी मैदान के लिए किस तरह तैयार किया जाता है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *