Deprecated: Function WP_Dependencies->add_data() was called with an argument that is deprecated since version 6.9.0! IE conditional comments are ignored by all supported browsers. in /home/u141101890/domains/uttaranchalratna.com/public_html/wp-includes/functions.php on line 6170

पंजाब कांग्रेस के कार्यक्रम के बाद मचा सियासी बवाल, युवक पर चिट्टा तस्करी का केस

पंजाब कांग्रेस के “हर बूथ मजबूत अभियान” के तहत आयोजित एक कार्यक्रम के बाद नया राजनीतिक विवाद खड़ा हो गया है। गोनियाना के पास एक रिजॉर्ट में आयोजित जिला स्तरीय कार्यकर्ता सम्मेलन के दौरान पंजाब कांग्रेस अध्यक्ष राजा वड़िंग के सामने कुछ कार्यकर्ताओं ने पूर्व मुख्यमंत्री चरणजीत सिंह चन्नी के समर्थन में नारे लगाए। इस दौरान कमलदीप सिंह नामक युवक को मंच पर बुलाकर भी नारे लगवाए गए, जिसके बाद यह मामला सुर्खियों में आ गया। कार्यक्रम के बाद सामने आई जानकारी के अनुसार, मंच पर बुलाए गए कमलदीप सिंह निवासी फतेहपुर के खिलाफ नशा तस्करी का मामला दर्ज रह चुका है। बताया गया कि मई 2025 में एंटी नारकोटिक्स टास्क फोर्स (एएनटीएफ) सेक्टर-79 मोहाली ने उसके खिलाफ 506 ग्राम चिट्टा बरामद होने के मामले में केस दर्ज किया था। इस मामले में वह बठिंडा, पटियाला और मानसा की जेलों में भी रह चुका है और मार्च 2026 में जेल से रिहा हुआ था। युवक को कांग्रेस के मंच पर बुलाने और उसके द्वारा नारे लगाने के बाद राजनीतिक गलियारों में चर्चाएं तेज हो गई हैं। विपक्षी दल भी इस मुद्दे को लेकर कांग्रेस पर सवाल उठा रहे हैं और कार्यक्रम में मंच पर मौजूद लोगों की भूमिका को लेकर चर्चा हो रही है। इसी कार्यक्रम के दौरान राजा वड़िंग ने पार्टी संगठन और आगामी विधानसभा चुनाव को लेकर कई अहम घोषणाएं भी कीं। उन्होंने साफ कहा कि जो नेता कांग्रेस छोड़कर भाजपा या शिरोमणि अकाली दल में गए और बाद में वापस लौटे हैं, उन्हें आगामी विधानसभा चुनाव में टिकट नहीं दिया जाएगा। उन्होंने कहा कि पार्टी अब समर्पित और लंबे समय से कांग्रेस के साथ जुड़े कार्यकर्ताओं को प्राथमिकता देगी।

कार्यक्रम में पंजाब कांग्रेस प्रभारी भूपेश बघेल ने भी कार्यकर्ताओं को संबोधित किया। उन्होंने कहा कि अब पार्टी का पूरा ध्यान बूथ स्तर तक संगठन मजबूत करने और चुनावी तैयारियों पर होना चाहिए। उन्होंने स्पष्ट किया कि पंजाब विधानसभा चुनाव किसी एक मुख्यमंत्री चेहरे के नाम पर नहीं बल्कि सामूहिक नेतृत्व के साथ लड़ा जाएगा। भूपेश बघेल ने मुक्तसर में लगे “भूपेश बघेल वापस जाओ” वाले पोस्टरों पर भी प्रतिक्रिया दी। उन्होंने कहा कि भाजपा कांग्रेस की बढ़ती सक्रियता से घबराई हुई है और ऐसे पोस्टरों से कांग्रेस को कोई नुकसान नहीं होने वाला। उन्होंने कार्यकर्ताओं से आंतरिक मतभेद भुलाकर संगठन को मजबूत करने की अपील की। राजा वड़िंग ने अपने संबोधन में आम आदमी पार्टी और भाजपा पर भी तीखा हमला बोला। उन्होंने दावा किया कि इस बार आम आदमी पार्टी के कई मौजूदा विधायकों को टिकट नहीं मिलेगा। उन्होंने आरोप लगाया कि दोनों दल जनता को गुमराह करने की राजनीति कर रहे हैं और कांग्रेस कार्यकर्ताओं को इन रणनीतियों से सतर्क रहने की जरूरत है।

वड़िंग ने भाजपा को राम मंदिर निर्माण के लिए जुटाए गए चंदे और नीट परीक्षा पेपर लीक जैसे मुद्दों पर भी घेरा। उन्होंने पंजाब की कानून-व्यवस्था पर सवाल उठाते हुए कहा कि राज्य में नशाखोरी और गैंगस्टरवाद गंभीर चुनौती बन चुके हैं। उनके मुताबिक मुख्यमंत्री भगवंत मान के नेतृत्व में पंजाब लगातार कर्ज के बोझ तले दबता जा रहा है। पार्टी के भीतर मतभेदों के सवाल पर वड़िंग ने कहा कि बड़े राजनीतिक दलों में विचारों का अंतर होना स्वाभाविक है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस नेतृत्व, विशेषकर राहुल गांधी, युवाओं को राजनीति में अधिक अवसर देने के पक्षधर हैं और 50 वर्ष से कम आयु के नेताओं को आगे लाने की सोच पर पार्टी काम कर रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *