Deprecated: Function WP_Dependencies->add_data() was called with an argument that is deprecated since version 6.9.0! IE conditional comments are ignored by all supported browsers. in /home/u141101890/domains/uttaranchalratna.com/public_html/wp-includes/functions.php on line 6131

मोदी नेतृत्व में भारत बना सशक्त, सक्षम और आत्मनिर्भर राष्ट्र


मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में भारत ने वैश्विक मंच पर सशक्त, सक्षम और आत्मनिर्भर राष्ट्र के रूप में अलग पहचान बनाई है। विकसित भारत के संकल्प को सिद्धि तक पहुंचाने को महत्वपूर्ण प्रयास किए गए हैं।उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी के मार्गदर्शन में उत्तराखंड विकास के नए प्रतिमान गढ़ रहा है। हर क्षेत्र में तेजी से कार्य किए जा रहे हैं। इस क्रम में उन्होंने ऋषिकेश-कर्णप्रयाग रेल परियोजना, चारधाम आल वेदर रोड, दिल्ली-देहरादून आर्थिक गलियारा, केदारनाथ व हेमकुंड साहिब में रोपवे समेत केंद्र के सहयोग से राज्य में संचालित तमाम योजनाओं का उल्लेख किया।

मुख्यमंत्री धामी, केंद्र की मोदी सरकार के 11 साल पूरे होने के उपलक्ष्य में मंगलवार को प्रदेश भाजपा कार्यालय में पत्रकारों से बातचीत कर रहे थे। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी ने प्रदर्शन आधारित राजनीति की नई कार्य संस्कृति विकसित की है।

अब सरकार का अर्थ बदल गया है और वे रिफार्म, परफार्म व ट्रांसफार्म की भावना से संचालित हो रही हैं। जनसहभागिता शासन की आत्मा बन गई है। उन्होंने कहा कि सबका साथ, सबका विकास, सबका विश्वास और सबका प्रयास के मूलमंत्र के साथ कार्य किए जा रहे हैं। उन्होंने केंद्र सरकार की तमाम उपलब्धियों और ऐतिहासिक निर्णयों का ब्योरा भी मीडिया के समक्ष रखा।

यह बदलते भारत की तस्वीर है 

आपरेशन सिंदूर का जिक्र करते हुए उन्होंने कहा कि इस अभियान का विश्वभर में डंका बज रहा है। यह अभियान केवल सैन्य मिशन नहीं, बल्कि हमारे संकल्प, साहस व बदलते भारत की तस्वीर है। मुख्यमंत्री ने कहा कि 11 वर्ष का कालखंड हमारी समृद्ध सांस्कृतिक विरासत के संरक्षण-संवर्द्धन के लिए भी महत्वपूर्ण रहा है।

विकास और नवाचार की दिशा में अनेक कार्य हो रहे हैं। मेक इन इंडिया की ताकत से निर्यात के क्षेत्र में भारत की भागीदारी तेजी से बढ़ी है। आज भारत विश्व की चौथी सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था बनकर वैश्विक आर्थिक शक्ति के रूप में स्थापित हुआ है। नारीशक्ति वंदन अधिनियम से लोकसभा व विधानसभाओं में महिलाओं को 33 प्रतिशत आरक्षण का मार्ग प्रशस्त हुआ है।

नीति निर्माण का केंद्र बना गरीब 

कांग्रेस पर निशाना साधते हुए उन्होंने कहा कि कांग्रेस राज में गरीबी हटाओ के नारे दिए जाते थे, लेकिन आज आंकड़े बताते हैं कि मोदी सरकार के कार्यकाल में 27 करोड़ से ज्यादा लोग गरीबी रेखा से बाहर आ गए हैं। आज भारत का गरीब सिर्फ आंकड़ों में नहीं है, बल्कि नीति निर्माण का केंद्र बन गया है।

नजीर बना समान नागरिक संहिता कानून

मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि उत्तराखंड से निकली समान नागरिक संहिता की गंगोत्री की देशभर में चर्चा हो रही है। हाल में प्रधानमंत्री की अध्यक्षता में हुए सम्मेलन में अनेक राज्यों के मुख्यमंत्रियों ने उनसे इस संदर्भ में चर्चा की।

पत्रकार वार्ता में मौजूद रहे भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में हर वर्ग के लिए विकसित भारत की दिशा में तेज कदमों से सरकार आगे बढ़ रही है। इससे पहले मुख्यमंत्री और भाजपा प्रदेश अध्यक्ष ने प्रदेश भाजपा कार्यालय में केंद्र सरकार की 11 वर्ष की उपलब्धियों पर केंद्रित प्रदर्शनी का उद्घाटन भी किया।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *