Deprecated: Function WP_Dependencies->add_data() was called with an argument that is deprecated since version 6.9.0! IE conditional comments are ignored by all supported browsers. in /home/u141101890/domains/uttaranchalratna.com/public_html/wp-includes/functions.php on line 6131

अगर पुलिस सुन लेती गुंजन की पुकार, तो आज जिंदा होती देहरादून की बेटी।

राजधानी के सबसे व्यस्ततम ‘पलटन बाजार’ में हुए सनसनीखेज युवती हत्याकांड ने पुलिस की सुरक्षा व्यवस्था की पोल खोलकर रख दी है। इस मामले में एसएसपी अजय सिंह ने कड़ा रुख अपनाते हुए बड़ी कार्रवाई की है। शुरुआती जांच में गंभीर लापरवाही पाए जाने पर खुड़बुड़ा चौकी प्रभारी, उपनिरीक्षक प्रद्युमन नेगी को तत्काल प्रभाव से लाइन हाजिर कर दिया गया है।

शिकायत पर चेतती पुलिस, तो बच जाती जान

इस हत्याकांड का सबसे दुखद पहलू यह है कि 23 वर्षीय मृतका गुंजन ने अपनी मौत से ठीक दो दिन पहले खुड़बुड़ा चौकी में लिखित गुहार लगाई थी। उसने पुलिस को स्पष्ट बताया था कि एक सिरफिरा युवक उसे जान से मारने की धमकी दे रहा है और उसकी जान को खतरा है। लेकिन आरोप है कि पुलिस ने इस शिकायत को ठंडे बस्ते में डाल दिया। नतीजा यह हुआ कि सोमवार को उस सिरफिरे युवक ने सरेबाजार युवती की गर्दन काटकर उसे मौत के घाट उतार दिया।

जांच रिपोर्ट में खुली लापरवाही की पोल

घटना के बाद उपजे जनाक्रोश और पुलिस की कार्यप्रणाली पर उठते सवालों के बीच एसएसपी अजय सिंह ने मामले की जांच सीओ सिटी (CO City) को सौंपी थी। जांच रिपोर्ट में यह साफ हुआ कि यदि पुलिस चौकी स्तर पर समय रहते ठोस कदम उठाए जाते, तो इस जघन्य अपराध को रोका जा सकता था। इसी रिपोर्ट के आधार पर एसएसपी ने चौकी प्रभारी पर गाज गिराई है।

बाजार में दहशत, पुलिस की साख पर सवाल

दिनदहाड़े बाजार में हुई इस वारदात ने व्यापारियों और स्थानीय लोगों को डरा दिया है। लोगों का कहना है कि अगर शिकायत के बावजूद सुरक्षा नहीं मिल सकती, तो आम नागरिक कहां जाए? एसएसपी ने सख्त लहजे में कहा है कि महिला सुरक्षा के मामलों में किसी भी स्तर पर ढिलाई बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *