Deprecated: Function WP_Dependencies->add_data() was called with an argument that is deprecated since version 6.9.0! IE conditional comments are ignored by all supported browsers. in /home/u141101890/domains/uttaranchalratna.com/public_html/wp-includes/functions.php on line 6131

पहाड़ों में बारिश और बर्फबारी से बढ़ी ठंड, मौसम सुहावना

उत्तराखंड में मौसम लगातार बदल रहा है। पर्वतीय क्षेत्रों में बारिश और ऊंचाई वाले इलाकों में बर्फबारी के चलते तापमान में गिरावट दर्ज की गई है। मौसम विभाग ने 12 और 13 मई को कई जिलों में भारी बारिश और तेज हवाओं की संभावना जताते हुए ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। देहरादून मौसम केंद्र के अनुसार उत्तरकाशी, रुद्रप्रयाग, पिथौरागढ़, बागेश्वर और चमोली जिलों में कई स्थानों पर गरज-चमक के साथ तेज बारिश हो सकती है। वहीं 4500 मीटर या उससे अधिक ऊंचाई वाले इलाकों में बर्फबारी की संभावना जताई गई है।

अन्य पर्वतीय जिलों और मैदानी क्षेत्रों में भी हल्की बारिश और तेज गर्जना के आसार हैं। मौसम विभाग ने आकाशीय बिजली गिरने और 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की चेतावनी देते हुए येलो अलर्ट भी जारी किया है। बारिश और खराब मौसम को देखते हुए गढ़वाल आयुक्त विनय शंकर पांडेय ने चारधाम यात्रा पर आने वाले श्रद्धालुओं और पर्यटकों से सावधानी बरतने की अपील की है। उन्होंने कहा कि यात्रा पर निकलने से पहले मौसम की ताजा जानकारी जरूर लें और प्रशासन द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का पालन करें। यदि मौसम ज्यादा खराब हो तो यात्रा टालना ही बेहतर रहेगा।

इन दिनों चारधाम यात्रा में भारी संख्या में श्रद्धालु पहुंच रहे हैं। ऐसे में लगातार बारिश और बर्फबारी से यात्रा मार्गों पर भूस्खलन और मलबा गिरने का खतरा बढ़ गया है। प्रशासन और राहत टीमें विभिन्न यात्रा मार्गों पर तैनात हैं ताकि जरूरत पड़ने पर तुरंत सहायता उपलब्ध कराई जा सके। यात्रियों को खराब मौसम के दौरान सुरक्षित स्थानों पर रुकने और अनावश्यक जोखिम न लेने की सलाह दी गई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *