![]()
रुद्रप्रयाग: केदारनाथ यात्रा मार्ग पर गुरुवार देर रात और शुक्रवार सुबह दो अलग-अलग घटनाओं से हड़कंप मच गया। एक ओर सोनप्रयाग के पास गहरी खाई में गिरने से एक युवक गंभीर रूप से घायल हो गया, जबकि दूसरी ओर बड़ी लिनचोली क्षेत्र में एक यात्री की मौत हो गई। राहत एवं बचाव टीमों ने मौके पर पहुंचकर तेजी से रेस्क्यू अभियान चलाया।
सोनप्रयाग में खाई में गिरा युवक, रेस्क्यू कर बचाई जान
जानकारी के अनुसार बीती रात सोनप्रयाग हनुमान बैरियर के पास एक युवक अचानक गहरी खाई में गिर गया। घटना की सूचना मिलते ही SDRF और रेस्क्यू टीम मौके पर पहुंची। बताया जा रहा है कि युवक सड़क से करीब 30 से 40 मीटर नीचे खाई में जा गिरा था। टीम ने कड़ी मशक्कत के बाद घायल युवक को स्ट्रेचर के जरिए सुरक्षित बाहर निकाला। इसके बाद उसे उपचार के लिए सोनप्रयाग चिकित्सालय भेजा गया। फिलहाल घायल युवक की पहचान नहीं हो पाई है।
यात्रा मार्ग पर बेहोश हुआ यात्री, CPR देकर बचाई जान
केदारनाथ यात्रा मार्ग पर गुरुवार को एक और बड़ा हादसा टल गया। गौरीकुंड से करीब दो किलोमीटर ऊपर चिरबासा हेलीपैड के नीचे एक यात्री अचानक बेहोश होकर गिर पड़ा। आसपास मौजूद यात्रियों ने तुरंत इसकी सूचना रेस्क्यू टीम को दी। मौके पर पहुंची टीम ने 35 वर्षीय कैलाश शर्मा को तत्काल CPR दिया। कुछ देर बाद यात्री को होश आ गया, जिसके बाद उसे प्राथमिक उपचार उपलब्ध कराया गया।
बड़ी लिनचोली में यात्री की मौत
वहीं बड़ी लिनचोली ग्लेशियर क्षेत्र में एक व्यक्ति अचेत अवस्था में मिला। सूचना मिलते ही राहत टीम मौके पर पहुंची और उसे मेडिकल रिलीफ पोस्ट बड़ी लिनचोली लाया गया। जहां डॉक्टरों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। मृतक की पहचान 42 वर्षीय आकाश निवासी नवाबगंज, उत्तर प्रदेश के रूप में हुई है।
यात्रा मार्ग पर लगातार बढ़ रही चुनौतियां
केदारनाथ यात्रा में इस बार भारी संख्या में श्रद्धालु पहुंच रहे हैं। ऊंचाई, खराब मौसम और कठिन रास्तों के कारण यात्रा मार्ग पर स्वास्थ्य संबंधी समस्याएं और हादसे लगातार सामने आ रहे हैं। प्रशासन और रेस्क्यू टीमें लगातार अलर्ट मोड पर हैं और यात्रियों से सावधानी बरतने की अपील की जा रही है।