Deprecated: Function WP_Dependencies->add_data() was called with an argument that is deprecated since version 6.9.0! IE conditional comments are ignored by all supported browsers. in /home/u141101890/domains/uttaranchalratna.com/public_html/wp-includes/functions.php on line 6170

स्पीड के चक्कर में गई दो जिंदगियां, हरिद्वार में दर्दनाक सड़क हादसा

उत्तराखंड के हरिद्वार जिले से एक बेहद दर्दनाक सड़क हादसे की खबर सामने आई है। सोमवार शाम पथरी थाना क्षेत्र में ओवरस्पीडिंग के दौरान पुलिस से बचकर भाग रहे दो युवकों की बाइक सामने से आ रही दूसरी बाइक से टकरा गई। इसी दौरान उनका पीछा कर रहे चेतक पुलिसकर्मी की बाइक भी हादसे की चपेट में आ गई। तीनों बाइकों की टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि सड़क पर अफरा-तफरी मच गई। जानकारी के अनुसार पुलिस टीम नियमित चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान तेज रफ्तार से आ रही एक बाइक को ड्यूटी पर तैनात कॉन्स्टेबल सुशील कुमार ने रोकने का इशारा किया। लेकिन बाइक सवार रुकने के बजाय और तेज गति से भाग निकले। इसके बाद कॉन्स्टेबल सुशील कुमार चेतक बाइक से उनका पीछा करने लगे। भागते हुए युवक तेज रफ्तार में डांडी चौक के पास पहुंचे, जहां सामने से आ रही एक अन्य बाइक से उनकी जोरदार भिड़ंत हो गई। टक्कर के बाद पीछे से आ रही चेतक बाइक भी नियंत्रण खो बैठी और हादसे का शिकार हो गई। तीनों बाइकों की भिड़ंत इतनी भीषण थी कि सभी बाइक सवार कई फीट दूर सड़क पर जा गिरे।

हादसे में मनोज कुमार और अजय नाम के दोनों युवक सिर के बल सड़क पर गिरे, जिससे उनके सिर में गंभीर चोट आई और अत्यधिक खून बह गया। स्थानीय लोग तुरंत मौके पर पहुंचे और पुलिस की मदद से सभी घायलों को अस्पताल पहुंचाया। डॉक्टरों ने जांच के बाद मनोज कुमार और अजय को मृत घोषित कर दिया। वहीं हादसे में घायल कॉन्स्टेबल सुशील कुमार को गंभीर हालत में अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उनका इलाज जारी है। पुलिस के अनुसार उनकी हालत अभी भी गंभीर बनी हुई है और डॉक्टर लगातार निगरानी कर रहे हैं। घटना के बाद पुलिस ने मौके का निरीक्षण कर तीनों क्षतिग्रस्त बाइकों को कब्जे में ले लिया है। पूरे मामले की जांच शुरू कर दी गई है। शुरुआती जांच में सामने आया है कि तेज रफ्तार और पुलिस से बचने की कोशिश इस दर्दनाक हादसे की बड़ी वजह बनी। पुलिस ने लोगों से यातायात नियमों का पालन करने और ओवरस्पीडिंग से बचने की अपील की है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *