Deprecated: Function WP_Dependencies->add_data() was called with an argument that is deprecated since version 6.9.0! IE conditional comments are ignored by all supported browsers. in /home/u141101890/domains/uttaranchalratna.com/public_html/wp-includes/functions.php on line 6170

हरिद्वार कांवड़ मेले में CM धामी का खास अंदाज, शिवभक्तों के पैर धोकर किया अभिनंदन


Read Time:6 Minute, 39 Second

हरिद्वार:- मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने मंगलवार को हरिद्वार पहुंचकर कांवड़ मेले में शामिल शिवभक्तों का स्वागत और अभिनंदन किया। मुख्यमंत्री ने हेलीकॉप्टर से कांवड़ यात्रा मार्ग पर पुष्पवर्षा कर श्रद्धालुओं का स्वागत किया। आसमान से फूलों की बारिश होते ही कांवड़ियों में उत्साह देखने को मिला और हर-हर महादेव के जयकारों से पूरा माहौल गूंज उठा।  पुष्पवर्षा के बाद मुख्यमंत्री खुद कांवड़ियों के बीच पहुंचे और उनका सम्मान किया। उन्होंने शिवभक्त कांवड़ियों के चरण धोकर उनकी सेवा की और यात्रा के सफल एवं सुरक्षित समापन की कामना की। इसके बाद होटल अलकनंदा में आयोजित कार्यक्रम में मुख्यमंत्री ने कांवड़ियों के लिए लगाए गए भंडारे का शुभारंभ किया। इस दौरान बेहतर कार्य करने वाले पुलिसकर्मियों को भी सम्मानित किया गया।

‘कांवड़ियों में भगवान शिव का स्वरूप’

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि कांवड़ यात्रा केवल धार्मिक आस्था तक सीमित नहीं है, बल्कि यह सेवा, समर्पण और श्रद्धा का भी पर्व है। उन्होंने कहा कि शिवभक्त कांवड़ियों में भगवान शिव का स्वरूप देखा जाता है और उनकी सेवा करना भगवान शिव की सेवा करने जैसा है। मुख्यमंत्री ने बताया कि पिछले पांच वर्षों से उन्हें कांवड़ियों की सेवा करने का अवसर मिल रहा है। उनके मुताबिक इस वर्ष कांवड़ मेले के दौरान लगाए गए स्वास्थ्य शिविरों में अब तक करीब 48 हजार कांवड़ियों का उपचार किया जा चुका है।

एक करोड़ से अधिक कांवड़िए लौटे

सीएम धामी ने कहा कि भगवान भोलेनाथ अपने भक्तों पर कृपा बरसाते हैं और उनकी परेशानियों को दूर करते हैं। उन्होंने कहा कि कांवड़ यात्रा आस्था के साथ-साथ सेवा और समर्पण की भावना को भी मजबूत करती है। मुख्यमंत्री के अनुसार इस वर्ष एक करोड़ से अधिक शिवभक्त गंगाजल लेकर अपने गंतव्य की ओर लौट चुके हैं।

केदारनाथ से हरिद्वार तक धार्मिक विकास परियोजनाओं का जिक्र

मुख्यमंत्री ने केंद्र और राज्य सरकार की धार्मिक एवं सांस्कृतिक परियोजनाओं का भी उल्लेख किया। उन्होंने कहा कि काशी विश्वनाथ कॉरिडोर और अयोध्या में राम मंदिर जैसे कार्य देश में सांस्कृतिक पुनर्जागरण की दिशा में महत्वपूर्ण कदम हैं। उन्होंने कहा कि वर्ष 2013 की आपदा के बाद प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केदारनाथ धाम के पुनर्निर्माण और विकास का काम किया गया। यहां आस्था पथ और आदि शंकराचार्य की प्रतिमा समेत कई परियोजनाएं पूरी की गई हैं। मुख्यमंत्री ने बताया कि बदरीनाथ धाम में मास्टर प्लान के तहत काम चल रहा है और आदि कैलाश में भी बड़ी संख्या में श्रद्धालु पहुंच रहे हैं। उन्होंने हरिद्वार गंगा कॉरिडोर और शारदा कॉरिडोर को भी महत्वपूर्ण परियोजना बताया।

पप्पू यादव पर CM धामी का हमला

कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री ने सांसद पप्पू यादव और उनके साथियों पर भी राजनीतिक टिप्पणी की। धामी ने आरोप लगाया कि संसद में संतों को लेकर आपत्तिजनक बातें कही गईं और सनातन आस्था को लेकर नकारात्मक सोच दिखाई गई। मुख्यमंत्री ने कहा कि वह मां गंगा से ऐसे लोगों को सद्बुद्धि देने की प्रार्थना करते हैं। उन्होंने कहा कि सभी को सनातन और धार्मिक आस्था का सम्मान करना चाहिए।

भोजन की गुणवत्ता से लेकर वाटर एंबुलेंस तक पर नजर

कांवड़ मेले के दौरान श्रद्धालुओं की सुविधाओं और सुरक्षा को लेकर किए गए इंतजामों की जानकारी देते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि होटल और ढाबों में मिलावटी या खराब भोजन की बिक्री रोकने के लिए लगातार जांच की जा रही है। मेले में आपात स्थिति से निपटने के लिए वाटर एंबुलेंस की सुविधा भी उपलब्ध कराई गई है। मुख्यमंत्री ने कहा कि मेले के दौरान कुछ अनुशासनहीन घटनाएं सामने आई हैं, लेकिन सभी श्रद्धालुओं से नियमों का पालन करने की अपील की गई है। उन्होंने कहा कि विभिन्न विभाग मिलकर कांवड़ियों की सेवा और सुरक्षा में जुटे हैं। ऐसे में शिवभक्तों को प्रशासन की ओर से जारी दिशा-निर्देशों का पालन करना चाहिए। मुख्यमंत्री ने मेले की व्यवस्थाओं में छोटी-मोटी कमियों के लिए शिवभक्तों से क्षमा मांगते हुए यात्रा को शांतिपूर्ण, सुरक्षित और अनुशासित तरीके से पूरा करने की अपील की। कार्यक्रम में हरिद्वार की मेयर किरन जैसल, कैबिनेट मंत्री मदन कौशिक, रानीपुर विधायक आदेश चौहान समेत भाजपा के कई जनप्रतिनिधि, प्रशासनिक अधिकारी और बड़ी संख्या में कार्यकर्ता मौजूद रहे।


Happy

Happy

0 %


Sad

Sad


0 %


Excited

Excited


0 %


Sleepy

Sleepy

0 %


Angry

Angry


0 %


Surprise

Surprise


0 %

Please follow and like us:

Pin Share

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *