Read Time:4 Minute, 30 Second
हरिद्वार:- कांवड़ मेले में श्रद्धालुओं की भारी भीड़ के बीच नकली नोट चलाने की कोशिश का मामला सामने आया है। हरकी पैड़ी क्षेत्र में कांवड़ यात्रियों के वेश में पहुंचे कुछ युवकों ने एक व्यापारी के साथ खरीदारी के दौरान कथित तौर पर जाली नोट चलाने का प्रयास किया। नोटों पर संदेह होने के बाद व्यापारी ने युवकों को पकड़ लिया, लेकिन मौके पर भीड़ बढ़ने का फायदा उठाकर आरोपी वहां से फरार हो गए।
व्यापारी को नकली नोट पर हुआ शक
मामला हरकी पैड़ी चौकी क्षेत्र में काली मंदिर के पास का बताया जा रहा है। जानकारी के मुताबिक, कुछ युवक कांवड़ यात्रियों के रूप में व्यापारी के पास पहुंचे और सामान खरीदने के बाद भुगतान किया। व्यापारी को दिए गए नोट संदिग्ध लगे। इसके बाद उसने युवकों को पकड़ लिया। कुछ ही देर में मौके पर लोगों की भीड़ जमा हो गई। इसी दौरान आरोपी व्यापारी की पकड़ से निकलकर भीड़ में गायब हो गए। हालांकि, भागते समय उनका कुछ सामान मौके पर ही छूट गया।
सामान की तलाशी में मिले करीब 30 हजार रुपये के जाली नोट
आरोपियों के छोड़े गए सामान की जांच करने पर पुलिस को करीब 30 हजार रुपये के नकली नोट मिले। बरामद जाली नोटों में 100, 200 और 500 रुपये के नोट शामिल बताए जा रहे हैं। इसके अलावा सामान से मुरादाबाद और चंदौसी के रेलवे टिकट, आधार कार्ड और पैन कार्ड भी बरामद हुए हैं। सूचना मिलने के बाद पुलिस ने मौके पर पहुंचकर नकली नोटों और अन्य सामान को कब्जे में ले लिया।
टिकटों से आरोपियों तक पहुंचने की कोशिश
पुलिस अब बरामद रेलवे टिकटों के आधार पर आरोपियों के हरिद्वार पहुंचने और उनके संभावित आने-जाने के बारे में जानकारी जुटा रही है। साथ ही घटनास्थल और आसपास के इलाकों में लगे CCTV कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है। पुलिस का कहना है कि फुटेज के जरिए आरोपियों की पहचान करने के साथ ही उनके भागने की दिशा का भी पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है। आशंका है कि आरोपी भीड़ का फायदा उठाकर मौके से निकल गए।
पुलिस कर रही आरोपियों की तलाश
नगर कोतवाली प्रभारी कुंदन सिंह राणा के अनुसार, मौके से जाली नोट बरामद हुए हैं। आसपास के CCTV कैमरों की फुटेज की जांच की जा रही है और आरोपियों की पहचान कर उनकी तलाश की जा रही है। पहचान होने के बाद उनके खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।
कांवड़ मेले से पहले भी पकड़े गए थे नकली नोट गिरोह
हरिद्वार में कांवड़ मेले के दौरान नकली नोट खपाए जाने की आशंका पहले भी सामने आ चुकी है। मेले की शुरुआत से पहले नगर कोतवाली पुलिस ने नकली नोट चलाने वाले एक गिरोह का खुलासा करते हुए पंजाब से मास्टरमाइंड समेत छह लोगों को गिरफ्तार किया था। इससे पहले श्यामपुर थाना पुलिस ने भी नकली नोट गिरोह के छह सदस्यों को पकड़ा था। इनमें कुछ आरोपी हरिद्वार और कुछ उत्तर प्रदेश के बिजनौर जिले से जुड़े बताए गए थे। ताजा मामले के बाद कांवड़ मेले में नकली नोटों की सप्लाई और उन्हें बाजार में खपाने की आशंका को लेकर पुलिस की जांच और सतर्कता बढ़ गई है।