Deprecated: Function WP_Dependencies->add_data() was called with an argument that is deprecated since version 6.9.0! IE conditional comments are ignored by all supported browsers. in /home/u141101890/domains/uttaranchalratna.com/public_html/wp-includes/functions.php on line 6170

सहारनपुर में उफनती पाजना नदी में फंसी कार, छह लोगों ने कूदकर बचाई जान

सहारनपुर:- शिवालिक की पहाड़ियों में लगातार हो रही बारिश के चलते घाड़ क्षेत्र की बरसाती नदियां उफान पर हैं। मंगलवार शाम करीब 6 बजे मिर्जापुर-पाडली मार्ग पर पाजना नदी का जलस्तर अचानक बढ़ गया। इसी दौरान तेज बहाव में एक कार फंस गई। कार में घायल युवक समेत छह लोग सवार थे। पानी का बहाव बढ़ने के साथ कार बहने लगी तो उसमें सवार लोगों में अफरा-तफरी मच गई। सभी ने किसी तरह कार से बाहर निकलकर अपनी जान बचाई। मौके पर मौजूद ग्रामीणों ने तत्परता दिखाते हुए ट्रैक्टर और रस्सी की मदद से कार को भी नदी के तेज बहाव से सुरक्षित बाहर निकाल लिया। ग्रामीणों की सूझबूझ से बड़ा हादसा टल गया।

बाइक की टक्कर में घायल हुआ था युवक

जानकारी के मुताबिक, पाडली गांव निवासी अजहर किसी काम से मिर्जापुर जा रहा था। इसी दौरान रास्ते में एक कार ने उसकी बाइक को टक्कर मार दी। हादसे में अजहर गंभीर रूप से घायल हो गया। घटना की जानकारी मिलने पर उसके पिता मेहरबान और भाई ओसामा, अफजल, जीशान और वसीम मौके पर पहुंचे। घायल अजहर को उपचार के लिए कार से मिर्जापुर ले जाया जा रहा था।

अचानक बढ़ा नदी का जलस्तर, बहने लगी कार

परिजन जब नदी वाले रास्ते से गुजर रहे थे, तभी पाजना नदी का जलस्तर अचानक बढ़ गया। तेज बहाव की चपेट में आते ही कार पानी में फंस गई और कुछ ही देर में बहने लगी। कार में सवार लोगों ने किसी तरह बाहर निकलकर वाहन को रोकने की कोशिश की, लेकिन तेज पानी के सामने उनकी कोशिश काम नहीं आई। इसी दौरान वहां से गुजर रहे एक ट्रैक्टर चालक की नजर कार पर पड़ी।

रस्सी से ट्रैक्टर में बांधकर कार को निकाला

स्थिति को समझते हुए ट्रैक्टर चालक ने अपना वाहन रोका। इसके बाद ग्रामीणों ने रस्सी की मदद से कार को ट्रैक्टर से बांधा। काफी मशक्कत के बाद ट्रैक्टर की सहायता से कार को नदी के तेज बहाव से बाहर खींच लिया गया। कार सुरक्षित बाहर आने के बाद वहां मौजूद लोगों ने राहत की सांस ली। घायल अजहर को बाद में दूसरे वाहन से मिर्जापुर ले जाया गया, जहां उसका उपचार कराया गया।

घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल

कार के नदी में बहने और ग्रामीणों द्वारा उसे बाहर निकालने की पूरी घटना को मौके पर मौजूद लोगों ने मोबाइल कैमरे में रिकॉर्ड कर लिया। अब घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। लगातार बारिश के कारण शिवालिक क्षेत्र की बरसाती नदियों का जलस्तर तेजी से बढ़ रहा है। ऐसे में नदी और रपटों से होकर गुजरने वाले रास्तों पर हादसे का खतरा बढ़ गया है। स्थानीय लोगों ने प्रशासन से मांग की है कि जलस्तर बढ़ने के दौरान नदी वाले रास्तों पर आवाजाही रोकने के लिए प्रभावी व्यवस्था की जाए, ताकि भविष्य में किसी बड़े हादसे को रोका जा सके।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *