Deprecated: Function WP_Dependencies->add_data() was called with an argument that is deprecated since version 6.9.0! IE conditional comments are ignored by all supported browsers. in /home/u141101890/domains/uttaranchalratna.com/public_html/wp-includes/functions.php on line 6170

UP Independence Day 2026: विधानभवन में वंदे मातरम् से लेकर हेलीकॉप्टर पुष्पवर्षा तक

लखनऊ: 80वें स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर शनिवार को उत्तर प्रदेश में देशभक्ति का माहौल देखने को मिला। राजधानी लखनऊ में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने विधानभवन परिसर में ध्वजारोहण किया। इस दौरान पहली बार समारोह में राष्ट्रगीत ‘वंदे मातरम्’ का सामूहिक गायन हुआ, जिसके बाद राष्ट्रगान प्रस्तुत किया गया। कार्यक्रम के दौरान हेलीकॉप्टर से विधानभवन परिसर में पुष्पवर्षा भी की गई।

लोक संस्कृति की दिखी झलक

ध्वजारोहण के बाद प्रदेश की सांस्कृतिक विविधता कार्यक्रम का प्रमुख आकर्षण रही। कलाकारों ने बुंदेलखंड, ब्रज और पूर्वांचल के लोकगीतों पर सांस्कृतिक प्रस्तुतियां दीं। इसके साथ ही जम्मू-कश्मीर, मध्य प्रदेश, छत्तीसगढ़, असम और अरुणाचल प्रदेश से पहुंचे कलाकारों ने भी अपनी प्रस्तुतियों के जरिए कार्यक्रम में रंग भर दिया। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने स्वतंत्रता संग्राम के शहीदों और राष्ट्रपति पुलिस पदक से सम्मानित जवानों के परिजनों को सम्मानित किया।

भगवा पगड़ी में नजर आए CM योगी

समारोह के दौरान मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ भगवा पगड़ी पहने नजर आए। वहीं उपमुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक धोती-कुर्ता में दिखाई दिए। विधानभवन के मुख्य कार्यक्रम से पहले मुख्यमंत्री ने अपने सरकारी आवास पर भी ध्वजारोहण किया। अपने संबोधन में मुख्यमंत्री योगी ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने देश को अराजकता और अशिक्षा से मुक्त करने के लिए देश को कमजोर करने वाली ताकतों से सतर्क रहने का आह्वान किया है। उन्होंने कहा कि देश के विकास के लिए गरीब, युवा, महिला और किसान चार प्रमुख वर्ग हैं और इनके हित में काम करने से बेहतर परिणाम हासिल किए जा सकते हैं।

यूपी में 50 लाख करोड़ रुपये के निवेश का दावा

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने प्रदेश की उपलब्धियां गिनाते हुए कहा कि सुशासन के मॉडल के चलते पिछले 9 वर्षों में उत्तर प्रदेश में 50 लाख करोड़ रुपये का निवेश आया है। इस अवधि में 4 करोड़ से अधिक रोजगार के अवसर सृजित हुए हैं। उन्होंने कहा कि प्रदेश में बड़े उद्योगों की संख्या करीब ढाई गुना बढ़ी है और 22 हजार से अधिक स्टार्टअप स्थापित हो चुके हैं। मुख्यमंत्री के मुताबिक, अब तक 9 लाख से अधिक युवाओं को सरकारी नौकरी दी गई है।

इंसेफ्लाइटिस पर नियंत्रण और शिक्षा क्षेत्र में सुधार

मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश में इंसेफ्लाइटिस जैसी संचारी बीमारियों पर प्रभावी नियंत्रण हासिल किया गया है। शिक्षा व्यवस्था का जिक्र करते हुए उन्होंने कहा कि स्कूलों में ड्रॉपआउट रेट 19 प्रतिशत से घटकर अब करीब 3 प्रतिशत रह गया है। उन्होंने बताया कि पिछले नौ वर्षों में शिक्षक, शिक्षामित्र, अनुदेशक और रसोइयों को उचित मानदेय उपलब्ध कराया गया है।

तिरंगे से सजा पूरा उत्तर प्रदेश

स्वतंत्रता दिवस पर प्रदेश के शहरों और गांवों में देशभक्ति का उत्साह नजर आया। घरों, दुकानों और सरकारी व गैर-सरकारी इमारतों पर तिरंगा फहराया गया। चौराहों और सरकारी कार्यालयों को भी तिरंगे से सजाया गया। कई स्थानों पर ध्वजारोहण और देशभक्ति से जुड़े कार्यक्रम आयोजित किए गए। आगरा में बच्चों ने तिरंगा यात्रा निकाली, जबकि वाराणसी में बाबा विश्वनाथ मंदिर को तिरंगे के स्वरूप में सजाया गया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *