Deprecated: Function WP_Dependencies->add_data() was called with an argument that is deprecated since version 6.9.0! IE conditional comments are ignored by all supported browsers. in /home/u141101890/domains/uttaranchalratna.com/public_html/wp-includes/functions.php on line 6170

राहुल गांधी की हताशा और कुंठा बढ़ रही: हरिद्वार में CM धामी ने साधा निशाना

हरिद्वार: मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने हरिद्वार के सप्तसरोवर मार्ग स्थित बंदी छोड़ श्री ब्रह्मनिवास आश्रम में आयोजित 51वें निर्वाण दिवस कार्यक्रम में शिरकत की। इस दौरान उन्होंने ब्रह्मलीन भूरी वाले महाराज को श्रद्धांजलि अर्पित की और संत समाज तथा धार्मिक संस्थाओं के योगदान को याद किया।  मुख्यमंत्री ने कहा कि ऐसे पवित्र स्थानों पर पहुंचना भी सद्गुरु की कृपा से संभव होता है। संत समाज और धार्मिक संस्थाओं ने हमेशा धर्म, संस्कृति और राष्ट्र की रक्षा में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है। उन्होंने कहा कि सद्गुरुओं ने स्वयं को समर्पित कर देश और समाज को सही दिशा दिखाने का काम किया है।

बंगाल में घुसपैठ के मुद्दे पर बोले धामी

पश्चिम बंगाल में घुसपैठ रोकने के लिए सीमा बंदी से जुड़े सवाल पर मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि देश की जनता इसी वजह से डबल इंजन की भाजपा सरकारों को चुन रही है। उन्होंने दावा किया कि जिन राज्यों में चुनाव हो रहे हैं, वहां तुष्टिकरण की राजनीति करने वाली सरकारों को जनता नकार रही है।  उन्होंने कहा कि पश्चिम बंगाल में लंबे समय से रुकी हुई कई योजनाएं अब धरातल पर आने लगी हैं। मुख्यमंत्री के मुताबिक, वहां अब तुष्टिकरण के आधार पर काम नहीं किया जा रहा है।

राहुल गांधी पर सामंतवादी सोच का आरोप

संसद में विपक्ष के विरोध-प्रदर्शन को लेकर मुख्यमंत्री धामी ने कांग्रेस नेता राहुल गांधी पर भी हमला बोला। उन्होंने कहा कि राहुल गांधी की हताशा और कुंठा लगातार बढ़ रही है। धामी ने आरोप लगाया कि राहुल गांधी के भीतर जन्म से चली आ रही सामंतवादी सोच अभी तक खत्म नहीं हुई है। उन्होंने कहा कि राहुल गांधी यह मानते हैं कि देश की संसद और पूरा देश उनकी इच्छा के अनुसार चलना चाहिए।  मुख्यमंत्री ने कहा कि जो लोग लंबे समय तक देश की सत्ता पर अपना जन्मसिद्ध अधिकार समझते रहे, आज उनके हिसाब से परिस्थितियां नहीं चल रही हैं। उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का उदाहरण देते हुए कहा कि सामान्य परिवार से आने वाले प्रधानमंत्री देश का नेतृत्व कर रहे हैं और सरकार हर वर्ग के लिए काम कर रही है।

‘दुनिया में बढ़ रहा भारत का नाम’

सीएम धामी ने कहा कि आज भारत की पहचान वैश्विक स्तर पर मजबूत हुई है। देश के हर वर्ग के लिए काम हो रहा है और दुनिया में भारत का सम्मान बढ़ रहा है। उन्होंने कहा कि इसी वजह से विपक्षी नेताओं की हताशा और कुंठा दिखाई दे रही है।  झारखंड में चल रहे आंदोलन में राहुल गांधी की भूमिका को लेकर पूछे गए सवाल पर धामी ने कहा कि उन्हें ऐसे समय में वहां नहीं जाना चाहिए था। उन्होंने आरोप लगाया कि राहुल गांधी अलग-अलग जगहों पर छात्रों को इकट्ठा कर रहे हैं।

उत्तराखंड में नकल कानून का हवाला देकर राहुल गांधी को घेरा

मुख्यमंत्री धामी ने उत्तराखंड में राहुल गांधी द्वारा नकल माफिया को लेकर दिए गए बयान पर भी पलटवार किया। उन्होंने कहा कि राहुल गांधी ने उत्तराखंड आकर यह गलत बात कही कि राज्य में नकल माफिया के खिलाफ कार्रवाई नहीं हुई और किसी को जेल नहीं भेजा गया।  धामी ने कहा कि उत्तराखंड सरकार ने सख्त नकल विरोधी कानून बनाया है और इसके तहत 100 से अधिक लोगों को जेल भेजा जा चुका है। उन्होंने यह भी कहा कि राज्य में हजारों युवाओं को सरकारी सेवाओं में नियुक्ति दी गई है।

रोजगार को लेकर कांग्रेस पर निशाना

मुख्यमंत्री ने रोजगार के मुद्दे पर भी कांग्रेस को घेरा। उन्होंने कहा कि जो लोग लंबे समय तक देश की सत्ता में रहे, वे रोजगार उपलब्ध कराने में विफल रहे, जबकि भाजपा सरकार के कार्यकाल में युवाओं को रोजगार के अवसर मिल रहे हैं। धामी ने कहा कि कुछ लोग आज भी देश को पुराने तौर-तरीकों से चलता हुआ मान रहे हैं, जबकि मौजूदा सरकार रोजगार, विकास और जनकल्याण के क्षेत्र में लगातार काम कर रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *