Deprecated: Function WP_Dependencies->add_data() was called with an argument that is deprecated since version 6.9.0! IE conditional comments are ignored by all supported browsers. in /home/u141101890/domains/uttaranchalratna.com/public_html/wp-includes/functions.php on line 6260

जन्माष्टमी समारोह में दिखा भक्ति, राष्ट्रभक्ति और सामाजिक जागरूकता का संगम

देहरादून:- रेसकोर्स स्थित पुलिस लाइन में आयोजित जन्माष्टमी उत्सव इस बार धार्मिक और सांस्कृतिक कार्यक्रमों के साथ सामाजिक जागरूकता और देशभक्ति के संदेशों से भी सराबोर रहा। भगवान श्रीकृष्ण के जयघोष के बीच मंच से नशे के खिलाफ जागरूकता का संदेश दिया गया, जबकि छात्रों ने ऑपरेशन सिंदूर पर प्रस्तुति देकर राष्ट्रभक्ति की भावना को मजबूती दी। लोकगीत, रैप और सांस्कृतिक प्रस्तुतियों ने कार्यक्रम को खास बना दिया।

राज्यपाल और मुख्यमंत्री ने किया शुभारंभ

जन्माष्टमी समारोह का उद्घाटन राज्यपाल लेफ्टिनेंट जनरल गुरमीत सिंह (सेनि.), मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी और पूर्व मुख्यमंत्री भगत सिंह कोश्यारी ने दीप प्रज्ज्वलित कर किया। इसके बाद मुंबई आर्ट ग्रुप के कलाकारों ने गणेश वंदना प्रस्तुत की। समारोह में प्रसिद्ध लोकगायक नरेंद्र सिंह नेगी की प्रस्तुतियां आकर्षण का प्रमुख केंद्र रहीं। उन्होंने एक के बाद एक कई गढ़वाली गीत प्रस्तुत किए, जिन पर दर्शक झूमते नजर आए। इसके बाद बच्चों और विद्यार्थियों ने विभिन्न सांस्कृतिक कार्यक्रमों के जरिए अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया।

रैप से दिया नशे के खिलाफ जागरूकता का संदेश

जन्माष्टमी महोत्सव में एक बच्चे ने रैप के माध्यम से नशे के खिलाफ जागरूकता का संदेश दिया। वहीं छात्रों के एक समूह ने ऑपरेशन सिंदूर पर आधारित प्रस्तुति पेश की। दोनों प्रस्तुतियों को दर्शकों की ओर से खूब सराहना मिली और तालियों से कलाकारों का उत्साह बढ़ाया गया। इस तरह धार्मिक आयोजन में मनोरंजन के साथ युवाओं और समाज को नशे से दूर रहने तथा देश के प्रति जिम्मेदारी का संदेश भी दिया गया।

नरेंद्र सिंह नेगी समेत कलाकार सम्मानित

कार्यक्रम के दौरान राज्यपाल और मुख्यमंत्री ने लोकगायक नरेंद्र सिंह नेगी, इंदर आर्य और करिश्मा शाह सहित अन्य कलाकारों को सम्मानित किया। पूरे समारोह के दौरान पुलिस लाइन परिसर ‘हरे कृष्णा’ के जयघोष से गूंजता रहा। जन्माष्टमी उत्सव में राज्यपाल की पत्नी गुरमीत कौर, मुख्यमंत्री की पत्नी गीता धामी, राज्यसभा सांसद नरेश बंसल, कैबिनेट मंत्री खजानदास, डीजीपी दीपम सेठ और देहरादून के एसएसपी प्रमेन्द्र सिंह डोबाल समेत कई गणमान्य लोग मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *