Deprecated: Function WP_Dependencies->add_data() was called with an argument that is deprecated since version 6.9.0! IE conditional comments are ignored by all supported browsers. in /home/u141101890/domains/uttaranchalratna.com/public_html/wp-includes/functions.php on line 6260

कुड़कावाला में आवारा कुत्तों का हमला, पशुपालक ने प्रशासन से मांगा मुआवजा

डोईवाला:-  देहरादून जिले के डोईवाला क्षेत्र स्थित कुड़कावाला बस्ती में आवारा कुत्तों के झुंड ने देर रात पशुओं के बाड़े में घुसकर आतंक मचा दिया। कुत्तों के हमले और उनके भौंकने से बाड़े में मौजूद भेड़-बकरियां बुरी तरह घबरा गईं। अफरा-तफरी के दौरान कई पशु एक-दूसरे के ऊपर चढ़ गए, जिससे दम घुटने और चोट लगने के कारण 33 भेड़-बकरियों की मौत हो गई। इस घटना से पशुपालक को भारी आर्थिक नुकसान हुआ है।

देर रात बाड़े में घुसा कुत्तों का झुंड

जानकारी के अनुसार, कुड़कावाला बस्ती निवासी पशुपालक जॉनी के पास करीब 90 भेड़-बकरियां हैं। देर रात अचानक आवारा कुत्तों का एक झुंड उनके बाड़े में पहुंच गया और पशुओं पर हमला कर दिया। कुत्तों की आवाज और हमले से घबराए पशुओं में भगदड़ मच गई।  बताया गया कि जान बचाने की कोशिश में भेड़-बकरियां एक-दूसरे के ऊपर चढ़ गईं। इसी दौरान कई पशु गंभीर रूप से घायल हो गए और कुछ का दम घुट गया।

भगदड़ और दम घुटने से 33 पशुओं की जान गई

सुबह जब पशुपालक जॉनी बाड़े में पहुंचा तो वहां का दृश्य देखकर वह हैरान रह गया। बाड़े में 33 भेड़-बकरियां मृत पड़ी मिलीं। घटना के बाद इलाके में भी चिंता का माहौल है, जबकि पीड़ित पशुपालक को भारी आर्थिक क्षति उठानी पड़ी है।

पशु चिकित्सक ने किया निरीक्षण

घटना की सूचना मिलने पर डोईवाला की वरिष्ठ पशु चिकित्सक डॉ. पूजा पांडे मौके पर पहुंचीं और मृत पशुओं का निरीक्षण किया। उनके अनुसार, शुरुआती जांच में मामला आवारा कुत्तों के हमले से जुड़ा प्रतीत हो रहा है। डॉ. पूजा पांडे ने बताया कि कुत्तों के हमले के बाद पशु अत्यधिक भयभीत हो गए और भगदड़ जैसी स्थिति बन गई। एक-दूसरे के ऊपर चढ़ने से कई पशुओं को चोटें आईं और दम घुटने के कारण उनकी मौत हुई। कुछ भेड़-बकरियों के शरीर पर कुत्तों के काटने के निशान भी मिले हैं।

बचे हुए पशुओं का उपचार जारी

वरिष्ठ पशु चिकित्सक के मुताबिक, मृत पशुओं का पोस्टमार्टम कराया जा रहा है, जिसके बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी। वहीं, बाड़े में मौजूद अन्य भेड़-बकरियां अभी भी सहमी हुई हैं और उनका उपचार किया जा रहा है। पीड़ित पशुपालक जॉनी ने प्रशासन से क्षेत्र में आवारा कुत्तों के बढ़ते आतंक पर नियंत्रण करने की मांग की है। साथ ही उन्होंने घटना में हुए भारी नुकसान के बदले उचित मुआवजा दिए जाने की भी मांग उठाई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *