Deprecated: Function WP_Dependencies->add_data() was called with an argument that is deprecated since version 6.9.0! IE conditional comments are ignored by all supported browsers. in /home/u141101890/domains/uttaranchalratna.com/public_html/wp-includes/functions.php on line 6131

संसद परिसर में हमले का आरोप, भाजपा ने कांग्रेस से माफी और राहुल गांधी के इस्तीफे की मांग की

देहरादून: भाजपाईयों ने संसद परिसर में भाजपा सांसदों पर हुए हमले और अभद्रता के आरोप में कांग्रेस से माफी और नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी के इस्तीफे की मांग की है। भाजपा प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट ने कहा कि डॉ. भीमराव आंबेडकर के अपमान का झूठ फैलाने वाले अब संसद में गुंडागर्दी पर उतर आए हैं।

गुरुवार को पत्रकारों से बातचीत के दौरान भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट ने कहा कि कांग्रेस समेत समूचा विपक्ष लंबे समय से देश में संविधान और आरक्षण समाप्त करने का झूठा नेरेटिव चलाने का प्रयास कर रहा है। हरियाणा और महाराष्ट्र में इनके झूठ की पोल खुलने के बाद जनता ने इन्हें नकार दिया।

पूरी तरह बौखला गया है व‍िपक्ष

संसद में संविधान दिवस को लेकर हुई बहस में प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी व गृहमंत्री अमित शाह द्वारा कांग्रेस को आईना दिखाने के बाद विपक्ष पूरी तरह बौखला गया है। जिस तरह का घटनाक्रम लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी के नेतृत्व में संसद परिसर में अंजाम दिया गया, वह बेहद अशोभनीय है।

कांग्रेस ने सदैव महापुरुषों का अपमान किया

उत्तराखंड से भाजपा के राज्यसभा सदस्य नरेश बंसल ने एक बयान में कहा कि कांग्रेस ने अपनी सामंतवादी नीतियों के चलते इस देश में सदैव महापुरुषों का अपमान किया है। संविधान निर्माता व समाज सुधारक डॉ. भीमराव आंबेडकर ने सदैव कांग्रेस की इन नीतियों का विरोध किया है। इस कारण उन्होंने मंत्रिमंडल से भी इस्तीफा दिया।

कांग्रेस सरकारों ने उनका चित्र सेंट्रल हाल में भी नहीं लगाने दिया और न ही उन्हें भारत रत्न जैसे किसी सम्मान से अलंकृत किया। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी संविधान के हिसाब से देश चला कर उन्हें सच्ची श्रद्धांजलि दे रहे हैं। कांग्रेस को यह पसंद नहीं आ रहा है। नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी समेत पूरा विपक्ष इस समय बल प्रयोग कर रहा है। उनके द्वारा दो भाजपा सांसदों को घायल करने और महिला सांसद के साथ दुर्व्यवहार निंदनीय है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *