Deprecated: Function WP_Dependencies->add_data() was called with an argument that is deprecated since version 6.9.0! IE conditional comments are ignored by all supported browsers. in /home/u141101890/domains/uttaranchalratna.com/public_html/wp-includes/functions.php on line 6131

गोविंदघाट से घांघरिया पहुंचा सेना का दल, बर्फ हटाने की तैयारी पूरी

गोपेश्वर:-  श्री हेमकुंड साहिब व लोकपाल लक्ष्मण मंदिर के कपाट खुलने से पूर्व सेना व गुरुद्वारे के सेवादार यात्रा मार्ग से बर्फ हटाने के कार्य में जुट गए हैं। रविवार को सेना के जवानों ने घांघरिया से एक किमी आगे तक पैदल रास्ते से बर्फ हटाने का कार्य शुरू कर दिया। हालांकि दोपहर बाद क्षेत्र में वर्षा होने के चलते कार्य को रोका गया।

श्री हेमकुंड साहिब यात्रा मार्ग पर बर्फ हटाने के लिए सेना का दल बीते दिन गोविंदघाट से घांघरिया पहुंच गया था। इस दल के साथ 21 सेना के जवान, अधिकारी व पांच सेवादार शामिल हैं।  यह दल हेमकुंड साहिब के बेस कैंप घांघरिया गुरुद्वारे में डेरा डाले हुए है। अब टीम ने हेमकुंड साहिब यात्रा मार्ग पर बर्फ हटाने का कार्य शुरू कर दिया है।

हेमकुंड साहिब मैनेजमेंट के मुख्य प्रबंधक सरदार सेवा सिंह ने बताया कि हेमकुंड साहिब में पांच फीट से अधिक बर्फ जमी हुई है, जबकि अटलाकोटी हिमखंड का आकार भी भारी भरकम है। अटलाकोटी से हेमकुंड तक तीन किमी क्षेत्र में बर्फ ही बर्फ है। सेना व गुरुद्वारे के सेवादार घांघरिया में ठहरे हुए हैं। प्रथम चरण में यह दल अटलाकोटी तक बर्फ काटकर रास्ता सुचारू करेगा। द्वितीय चरण में अटलाकोटी हिमखंड को काटकर हेमकुंड साहिब तक रास्ता बनाया जाएगा। फिर हेमकुंड साहिब गुरुद्वारे से बर्फ हटाकर सेना का दल हेमकुंड में ही रहकर बर्फ हटाने का कार्य करेगा।  रविवार सुबह आठ बजे से सेना के जवानों ने दोपहर तक घांघरिया से एक किमी आगे पैदल रास्ते से बर्फ हटाने का कार्य किया, लेकिन बाद में वर्षा होने से कार्य रोकना पड़ा।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *