Deprecated: Function WP_Dependencies->add_data() was called with an argument that is deprecated since version 6.9.0! IE conditional comments are ignored by all supported browsers. in /home/u141101890/domains/uttaranchalratna.com/public_html/wp-includes/functions.php on line 6131

भाजपा ने महाराष्ट्र के लिए केंद्रीय पर्यवेक्षकों के नाम का किया ऐलान, निर्मला सीतारमण और विजय रूपाणी नियुक्त

भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने महाराष्ट्र के लिए पर्यवेक्षकों के नाम का एलान कर दिया है। पार्टी ने केंद्रीय वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण और गुजरात के पूर्व मुख्यमंत्री विजय रूपाणी को केंद्रीय पर्यवेक्षक नियुक्त किया है। पार्टी की ओर से सोमवार को जारी एक बयान में यह घोषणा की गई। इनकी मौजूदगी में ही पार्टी विधायक दल के नेता का चयन होगा। इस बात की प्रबल संभावना है कि वह ही महाराष्ट्र का अगला मुख्यमंत्री होगा।

भाजपा महासचिव अरुण सिंह की ओर से जारी एक बयान में कहा गया कि पार्टी के संसदीय बोर्ड ने महाराष्ट्र में पार्टी विधायक दल के नेता के चुनाव के लिए विजय रूपाणी और निर्मला सीतारमण को केंद्रीय पर्यवेक्षक नियुक्त किया है। सूत्रों के मुताबिक, जो भी विधायक दल का नेता चुना जाएगा, उनका राज्य का अगला मुख्यमंत्री बनना लगभग तय हो जाएगा। हालांकि, इसे लेकर भाजपा ने चुप्पी साध रखी है, लेकिन माना जा रहा है कि इस दौड़ में पूर्व मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस सबसे आगे हैं।

महाराष्ट्र विधानसभा चुनाव में महायुति को भारी जीत मिली है। महायुति ने 288 सदस्यीय विधानसभा में 230 सीट पर जीत हासिल की है। भाजपा ने सबसे ज्यादा 132 सीट पर जीत दर्ज की, जबकि एकनाथ शिंदे के नेतृत्व वाली शिवसेना को 57 और अजित पवार के नेतृत्व वाली राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (राकांपा) को 41 सीट मिलीं। चुनावी नतीजों की घोषणा के एक सप्ताह से अधिक समय बाद भी महाराष्ट्र में नई सरकार का गठन नहीं हो पाया है। कार्यवाहक मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे ने कहा कि वह नए मुख्यमंत्री के चयन को लेकर भाजपा के फैसले का समर्थन करेंगे। उनकी इस घोषणा के बाद लगभग यह स्पष्ट हो गया है कि महाराष्ट्र का अगला मुख्यमंत्री भाजपा से होगा।

वहीं, भाजपा ने घोषणा की है कि नई महायुति सरकार का शपथ ग्रहण समारोह पांच दिसंबर की शाम दक्षिण मुंबई के आजाद मैदान में होगा और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी इसमें शामिल होंगे। सूत्रों के मुताबिक, चार दिसंबर को पार्टी विधायक दल की बैठक हो सकती है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *