Deprecated: Function WP_Dependencies->add_data() was called with an argument that is deprecated since version 6.9.0! IE conditional comments are ignored by all supported browsers. in /home/u141101890/domains/uttaranchalratna.com/public_html/wp-includes/functions.php on line 6131

राजाजी राष्ट्रीय पार्क से हाथी का एम्स रोड तक आक्रमण, सड़क पर मच गई भगदड़

ऋषिकेश: –  राजाजी राष्ट्रीय पार्क के जंगल से निकलकर एक हाथी बैराज पुल होते हुए एम्स रोड पहुंच गया। हाथी के आने से पुल से लेकर एम्स रोड पर अफरातफरी मची रही। सड़क किनारे ठेलियों में खाना खा रहे लोगों में भगदड़ मच गई। इस दौरान हाथी ने एक मानसिक दिव्यांग युवक को पटक दिया। उसे एम्स में भर्ती कराया गया है। वन विभाग और पार्क की टीम ने हाथी को जंगल में खदेड़ दिया। रविवार शाम करीब तीन बजे राजाजी राष्ट्रीय पार्क की गौहरी रेंज के जंगल से हाथी कुनाऊ गांव होते हुए बैराज पुल पर आ गया। पुल पर इस दौरान कई वाहन चल रहे थे। हाथी को देखते हुए कुछ चालकों ने वाहनों की रफ्तार बढ़ा दी। कुछ ने सामने हाथी देखकर वाहन मोड़ लिए। हाथी बैराज पुल से एम्स रोड पर आ गया। आसपास ठेलियों में खाना खा रहे लोगों ने भगदड़ की स्थिति बनी रही।

कई लोग खाना छोड़कर सुरक्षित चले गए। हाथी एम्स के गेट नंबर एक से बीरभद्र मंदिर की ओर बढ़ गया। इस दौरान मंदिर के पास एक दिव्यांग युवक निकल रहा था। हाथी ने उसे पटक कर नाली की ओर फेंक दिया। हाथी इसके बाद बीरभद्र के जंगलों की ओर चला गया। आसपास मौजूद लोगों ने घायल युवक को एम्स में भर्ती कराया। जहां उसकी हालत खतरे से बाहर बताई जा रही है।

सूचना पर पार्क की गौहरी रेंज और ऋषिकेश रेंज से वन कर्मचारी मौके पर पहुंचे। करीब आधे घंटे बाद हाथी को पार्क सीमा में खदेड़ दिया गया। ऋषिकेश रेंजर गंभीर सिंह धमांदा ने बताया कि पार्क के जंगल से निकलकर हाथी आबादी क्षेत्र में पहुंचा था। जिसे संयुक्त टीम ने जंगल में खदेड़ दिया। बताया कि घायल खतरे बाहर है।

पिछले कुछ दिनों से झुंड में शामिल चार हाथी पार्क के जंगल से निकलकर ऋषिकेश रेंज के बीरभद्र की ओर आ रहे थे। रविवार को झुंड में शामिल एक हाथी आबादी क्षेत्र में पहुंच गया। रेंजर धमांदा ने बताया कि हाथी टस्कर नहीं था। कुछ दिन से झुंड आ रहा था। आज इस झुंड में शामिल एक हाथी पहुंचा। बताया कि क्षेत्र में गश्त बढ़ा दी गई है। इससे पहले भी ऋषिकेश में अलग-अलग जगह आबादी क्षेत्र में आकर हाथी उत्पात मचाते रहे हैं। हाथी के आबादी क्षेत्र में आने के बाद कई लोग वीडियो बनाने लगे। आगे हाथी जा रहा था और पीछे लोग वीडियो बना रहे थे। हाथी के आबादी क्षेत्र में आने के कई वीडियो इंटरनेट मीडिया पर प्रसारित हो रहे हैं।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *