Deprecated: Function WP_Dependencies->add_data() was called with an argument that is deprecated since version 6.9.0! IE conditional comments are ignored by all supported browsers. in /home/u141101890/domains/uttaranchalratna.com/public_html/wp-includes/functions.php on line 6131

भालू के हमले में ज्योति देवी गंभीर रूप से घायल, एयरलिफ्ट कर AIIMS रेफर।

जनपद पौड़ी के पाबौ विकासखंड से एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। यहाँ के खंडुली गांव में जंगल में घास-चारा लेने गई एक महिला पर भालू ने अचानक हमला कर उसे लहूलुहान कर दिया। महिला की गंभीर स्थिति को देखते हुए स्वास्थ्य मंत्री के हस्तक्षेप के बाद उन्हें एयरलिफ्ट कर एम्स (AIIMS) ऋषिकेश भेजा गया है।

सुबह 11:30 बजे जंगल में हुआ हमला

जानकारी के अनुसार, बुधवार सुबह करीब 11:30 बजे ज्योति देवी (पत्नी जगदीश) अन्य महिलाओं के साथ जंगल में पशुओं के लिए चारा लेने गई थीं। इसी दौरान घात लगाकर बैठे भालू ने उन पर हमला बोल दिया। ज्योति देवी के चिल्लाने पर अन्य ग्रामीणों ने शोर मचाया, जिसके बाद भालू उन्हें छोड़कर भाग निकला, लेकिन तब तक महिला के सिर और शरीर पर गहरे जख्म हो चुके थे।

स्वास्थ्य मंत्री के निर्देश पर मिली ‘एयर एंबुलेंस’

ग्रामीणों ने तुरंत 108 एंबुलेंस की मदद से घायल ज्योति देवी को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (CHC) पाबौ पहुंचाया। प्राथमिक उपचार के बाद डॉक्टरों ने उनकी नाजुक हालत को देखते हुए हायर सेंटर रेफर करने की सलाह दी। ग्राम प्रधान नितिन रावत ने मामले की गंभीरता को देखते हुए स्थानीय विधायक और प्रदेश के स्वास्थ्य मंत्री डॉ. धन सिंह रावत को सूचित किया। मंत्री के तत्काल निर्देशों पर प्रशासन ने एयर एंबुलेंस की व्यवस्था की और महिला को उच्च स्तरीय इलाज के लिए एयरलिफ्ट किया गया।

ग्रामीणों में आक्रोश: वन विभाग पर उठे सवाल

इस घटना के बाद से खंडुली और आसपास के गांवों में दहशत का माहौल है। ग्रामीणों का कहना है कि जंगली जानवरों के हमलों की घटनाएं लगातार बढ़ रही हैं, लेकिन वन विभाग ठोस कदम नहीं उठा रहा है। स्थानीय लोगों ने मांग की है कि प्रभावित क्षेत्र में गश्त बढ़ाई जाए और घायल महिला के परिवार को उचित मुआवजा दिया जाए।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *