Deprecated: Function WP_Dependencies->add_data() was called with an argument that is deprecated since version 6.9.0! IE conditional comments are ignored by all supported browsers. in /home/u141101890/domains/uttaranchalratna.com/public_html/wp-includes/functions.php on line 6131

दो शव बरामद, आठ लोग लापता, एक व्यक्ति मलबे से जिंदा निकला

चमोली जनपद के नंदानगर क्षेत्र में बुधवार की देर रात करीब दो बजे बिनसर पहाड़ी की चोटी पर बादल फटने और अतिवृष्टि से फाली लगा कुंतरी, सैंती लगा कुंतरी और धुर्मा गांव में भारी तबाही हुई है। इस आपदा में 10 लोग लापता हो गए थे, जिनमें से 2 लोगों के शव बरामद हुए हैं जबकि 7 की तलाश जारी है। वहीं करीब 16 घंटे बाद एक व्यक्ति को राहत दलों ने मलबे से निकाल लिया। मलबे की चपेट में आकर 10 आवासीय मकान भी पूरी तरह से ध्वस्त हो गए हैं। भारी बारिश के कारण मोक्ष गदेरा भी उफान पर आ गया जिससे सेरा गांव में आठ मकान बह गए हैं। गांवों में तबाही की सूचना मिलते ही एनडीआरएफ, एसडीआरएफ और पुलिस की टीमें मौके पर पहुंची और सुबह से ही राहत व बचाव कार्य में जुटी हुई हैं। चमोली के जिलाधिकारी डॉ. संदीप तिवारी और पुलिस अधीक्षक सर्वेश पंवार भी अपनी टीम के साथ दिनभर प्रभावित क्षेत्र में मौजूद रहे। प्रभावित गांवों में बड़ी संख्या में मवेशियों के भी बहने की सूचना है।जानकारी के मुताबिक बुधवार देर रात नंदानगर ब्लॉक में तेज बारिश शुरू हुई जो पूरी रात जारी रही। रात करीब 2 बजे बिनसर पहाड़ी पर बिजली कड़कने के बाद पहाड़ी पर मलबे का गुबार फूट पड़ा। पहाड़ी से निकले इस जलजले के साथ भारी मात्रा में मलबा और पानी नीचे आया जिसने पहाड़ी की तलहटी में बसे फाली लगा कुंतरी, सेंती लगा कुंतरी और धुर्मा गांव में तबाही मचा दी। हालांकि बिजली कड़कने के बाद कई लोग सतर्क हो गए थे और समय रहते सुरक्षित स्थानों पर चले गए थे।फाली गांव के नरेंद्र और जगदंबा प्रसाद के शव मलबे में मिले इस आपदा में फाली लगा कुंतरी गांव के एक ही परिवार के पति-पत्नी और दो बच्चों सहित आठ लोग लापता हो गए। धुर्मा गांव से दो बुजुर्ग भी लापता बताए जा रहे हैं। राहत और बचाव दल को कुंतरी लगा फाली गांव के नरेंद्र और जगदंबा प्रसाद के शव मलबे में मिले। पहाड़ी से आए मलबे के बाद पूरे क्षेत्र में अफरा-तफरी का माहौल बन गया और लोग अपनों को खोजने में जुट गए। तड़के 3 बजे घटना की सूचना जिला आपदा कंट्रोल रूम को दी गई जिसके बाद प्रशासन हरकत में आया। कई मोटर मार्ग और पुल भी क्षतिग्रस्त ऊपरी इलाकों में बादल फटने के कारण मोक्ष गदेरे में आई बाढ़ से सेरा गांव के माधो सिंह, कुंवर सिंह, विनोद सिंह, राजेंद्र सिंह, बिजमा देवी, अवतार सिंह और महिपाल सिंह गुसाईं के मकान बह गए हैं। इसके अलावा, सेरा में नंदप्रयाग-नंदानगर मोटर पुल और एक पेट्रोल पंप भी खतरे की जद में आ गए हैं। नंदानगर पुराने बाजार को जोड़ने वाला पुल भी बह गया है जिससे लोगों की आवाजाही रुक गई है। सैंती भेंसवाड़ा में पेरागाड नाले से एक गौशाला और बाथरूम ध्वस्त हो गए हैं। नंदानगर-बांजबगड़ मोटर मार्ग पर गरणी गाड में पुलिया बह गई है जबकि बांजबगड़ में सड़क पर मलबा आने से मार्ग अवरुद्ध हो गया है। लांखी की घिंघराण बस्ती और नंदानगर के सालूबगड़ तोक में भी आवासीय मकानों को खतरा पैदा हो गया है।

ग्राम फाली लगा कुंतरी में लापता

कांता देवी पत्नी कुंवर सिंह (38)

विकास पुत्र कुंवर सिंह (10 वर्ष)

विशाल पुत्र कुंवर सिंह (10 वर्ष)

नरेंद्र सिंह पुत्र कुताल सिंह (40)

जगदंबा प्रसाद पुत्र ख्याली राम (70)

भागा देवी पत्नी जगदंबा प्रसाद (65)

देवेश्वरी देवी पत्नी दिलबर सिंह (65)

धुर्मा गांव में लापता

1-गुमान सिंह पुत्र चंद्र सिंह (75)

2-ममता देवी पत्नी विक्रम सिंह ( 38)

सीएम पुष्कर सिंह धामी ने ट्वीट करते हुए लिखा, जनपद चमोली के नंदानगर घाट क्षेत्र में हुई अतिवृष्टि से आस पास के घरों को क्षति पहुंचने की दुःखद सूचना प्राप्त हुई है। स्थानीय प्रशासन एसडीआरएफ व पुलिस की टीमें तत्काल मौके पर पहुंचकर राहत एवं बचाव कार्य में जुटी हुई हैं। इस संबंध में निरंतर प्रशासन से संपर्क में हूँ और स्वयं स्थिति की गहन निगरानी कर रहा हूँ। ईश्वर से सभी के सकुशल होने की प्रार्थना करता हूँ।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *