Deprecated: Function WP_Dependencies->add_data() was called with an argument that is deprecated since version 6.9.0! IE conditional comments are ignored by all supported browsers. in /home/u141101890/domains/uttaranchalratna.com/public_html/wp-includes/functions.php on line 6170

अल्मोड़ा में बन रहा नाइट क्रिकेट मैदान अंतिम चरण में, खिलाड़ियों को जल्द मिलेगी बड़ी सौगात

अल्मोड़ा के लोअर माल रोड स्थित मॉडल फील्ड में बन रहा रात्रिकालीन क्रिकेट मैदान अब अपने अंतिम चरण में पहुंच गया है। लंबे समय से खिलाड़ियों को आधुनिक सुविधाओं से लैस क्रिकेट मैदान का इंतजार था, जो अब जल्द ही पूरा होने वाला है। मैदान तैयार होने के बाद स्थानीय खिलाड़ियों को दिन के साथ-साथ रात के समय भी अभ्यास करने की सुविधा मिलेगी। इससे जिले के उभरते क्रिकेटरों को अपनी प्रतिभा निखारने का बेहतर अवसर मिलेगा और खेल गतिविधियों को नई गति मिलेगी।

जानकारी के अनुसार मैदान में रात्रिकालीन क्रिकेट के लिए आधुनिक सुविधाओं के अनुरूप तीन क्रिकेट पिच तैयार की जा रही हैं। इसके अलावा पूरे मैदान का सौंदर्यीकरण भी किया जा रहा है, ताकि खिलाड़ियों को बेहतर खेल वातावरण उपलब्ध कराया जा सके। मैदान का निर्माण लगभग अंतिम चरण में पहुंच चुका है और जल्द ही इसे खिलाड़ियों के लिए खोल दिया जाएगा।

पूर्व दर्जा मंत्री बिट्टू कर्नाटक ने निर्माणाधीन मैदान का निरीक्षण करते हुए कार्यों की प्रगति का जायजा लिया। उन्होंने कहा कि इस मैदान के निर्माण के लिए उन्होंने जिलाधिकारी अल्मोड़ा से लगातार प्रयास किए थे, जिसके बाद प्रशासन ने तत्काल कार्रवाई करते हुए निर्माण कार्य शुरू कराया। उन्होंने कहा कि यह मैदान तैयार होने के बाद अल्मोड़ा के खिलाड़ियों के लिए किसी बड़ी सौगात से कम नहीं होगा।

बिट्टू कर्नाटक ने कहा कि अल्मोड़ा की धरती ने देश को कई अंतरराष्ट्रीय स्तर के खिलाड़ी दिए हैं। एकता बिष्ट, लक्ष्य सेन, चिराग सेन और सुरेंद्र भंडारी जैसे खिलाड़ियों ने राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर जिले का नाम रोशन किया है। उनका विश्वास है कि आधुनिक खेल सुविधाएं मिलने के बाद आने वाले वर्षों में अल्मोड़ा से और भी कई प्रतिभाशाली खिलाड़ी निकलकर राज्य, राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर अपनी पहचान बनाएंगे।

उन्होंने कहा कि लंबे समय से खिलाड़ियों को बेहतर अभ्यास स्थल की आवश्यकता महसूस की जा रही थी। मैदान के निर्माण से युवाओं को आधुनिक सुविधाओं के बीच अभ्यास करने का अवसर मिलेगा, जिससे उनकी तकनीकी क्षमता और प्रदर्शन में सुधार आएगा। उन्होंने इस पहल के लिए जिलाधिकारी अल्मोड़ा का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि प्रशासन का यह निर्णय जिले के खेल विकास की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है।

बिट्टू कर्नाटक ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में खेलो इंडिया अभियान के माध्यम से देशभर में खेलों को बढ़ावा दिया जा रहा है। अल्मोड़ा में तैयार हो रहा यह नाइट क्रिकेट मैदान भी उसी सोच का हिस्सा है, जो युवाओं को बेहतर खेल सुविधाएं उपलब्ध कराने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा। उन्होंने उम्मीद जताई कि यह मैदान भविष्य में जिले के खिलाड़ियों के लिए नई उपलब्धियों का रास्ता खोलेगा और अल्मोड़ा खेल के क्षेत्र में नई पहचान बनाएगा।

मैदान के निरीक्षण के दौरान प्रोफेसर गोपाल सिंह नयाल, देवेंद्र कर्नाटक, कमलेश कर्नाटक, रमेश जोशी, हयात सिंह बिष्ट, कैलाश तिवारी, चंद्रशेखर सती, अभिषेक तिवारी सहित कई गणमान्य लोग और स्थानीय खेल प्रेमी भी मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *