Deprecated: Function WP_Dependencies->add_data() was called with an argument that is deprecated since version 6.9.0! IE conditional comments are ignored by all supported browsers. in /home/u141101890/domains/uttaranchalratna.com/public_html/wp-includes/functions.php on line 6170

उत्तराखंड के भविष्य पर छात्रों की सोच, CM धामी के अभियान में अब तक 46 हजार से ज्यादा प्रविष्टियां

देहरादून:- मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी की पहल पर शुरू किए गए ‘मेरे सपनों का उत्तराखंड’ अभियान को प्रदेशभर के विद्यार्थियों का अच्छा समर्थन मिल रहा है। मुख्यमंत्री के आह्वान के बाद अब तक 46 हजार से अधिक छात्र-छात्राएं अपने निबंध ऑनलाइन पोर्टल पर अपलोड कर चुके हैं। विद्यार्थी अपने विचारों के जरिए उत्तराखंड के भविष्य और विकास को लेकर विजन साझा कर रहे हैं। अभियान के तहत पर्यटन, रोजगार, सामाजिक विकास, वन एवं पर्यावरण, शिक्षा, स्वास्थ्य और तकनीक जैसे विषयों पर विद्यार्थियों से निबंध आमंत्रित किए गए हैं।

10 अगस्त को सीएम धामी ने किया था आह्वान

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने 10 अगस्त को कक्षा 11वीं और 12वीं के करीब तीन लाख विद्यार्थियों के साथ ऑनलाइन संवाद किया था। इसी दौरान उन्होंने युवाओं से राज्य के विकास को लेकर अपने विचार निबंध के माध्यम से साझा करने की अपील की थी। मुख्यमंत्री ने विद्यार्थियों से ‘मेरे सपनों का उत्तराखंड’ अभियान के तहत अपने विजन को ऑनलाइन भेजने को कहा था। उन्होंने कहा था कि विद्यार्थियों के विचारों का स्वयं अवलोकन किया जाएगा और उपयोगी सुझावों को राज्य की नीतियों में शामिल करने पर विचार किया जाएगा।

140 विद्यार्थियों के श्रेष्ठ विचारों पर होगा मंथन

अभियान के तहत बेहतर विचार प्रस्तुत करने वाले 140 विद्यार्थियों को चयनित कर उनके साथ मुख्यमंत्री और शासन के सचिव स्तर के अधिकारियों के साथ संवाद किया जाएगा। सरकार की ओर से चयनित विद्यार्थियों को करियर और परीक्षा की तैयारी में मदद के लिए स्कॉलरशिप देने के साथ अन्य पुरस्कार दिए जाने की भी घोषणा की गई है। इसी के बाद अभियान में विद्यार्थियों की भागीदारी लगातार बढ़ रही है।

निबंध अपलोड करते ही मिल रहा प्रमाण पत्र

पोर्टल पर निबंध जमा करने के बाद विद्यार्थियों को प्रमाण पत्र भी उपलब्ध कराया जा रहा है। इससे छात्र-छात्राओं में अभियान को लेकर उत्साह बना हुआ है। अभियान के संयोजक डॉ. राहुल अग्रवाल के अनुसार, इस पहल को सरकारी और निजी स्कूलों के विद्यार्थियों का समर्थन मिल रहा है। उनका कहना है कि इस तरह का अभियान देश में पहली बार आयोजित किया जा रहा है, जिसमें जेन जी और अल्फा जेनरेशन के विद्यार्थी भाग ले रहे हैं।

24 अगस्त तक भेज सकते हैं निबंध

विद्यार्थियों के पास निबंध ऑनलाइन जमा करने के लिए 24 अगस्त 2026 तक का समय है। अभियान से जुड़े अधिकारियों के मुताबिक प्रदेश के अलग-अलग हिस्सों से लगातार पोर्टल पर प्रविष्टियां भेजी जा रही हैं। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी स्वयं इस अभियान की निगरानी कर रहे हैं और इसकी प्रगति की नियमित समीक्षा भी कर रहे हैं। सरकार का उद्देश्य विद्यार्थियों की सोच और सुझावों को उत्तराखंड के विकास की नीतियों से जोड़ना है।

निबंध भेजने के लिए पोर्टल: CM Vidyarthi Manthan Portal

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *