देहरादून: उत्तराखंड में मानसून की सक्रियता एक बार फिर बढ़ गई है। सोमवार शाम से शुरू हुई तेज बारिश मंगलवार सुबह तक कई इलाकों में जारी रही। पहाड़ से लेकर मैदानी क्षेत्रों तक हुई मूसलाधार बारिश से जनजीवन प्रभावित हुआ है। कई जगह सड़कें पानी से भर गईं, जबकि पर्वतीय क्षेत्रों में भूस्खलन और मलबा आने की घटनाएं बढ़ी हैं। बारिश की तीव्रता का अंदाजा इस बात से लगाया जा सकता है कि नरेंद्रनगर में 260 मिमी और ऋषिकेश में 225 मिमी बारिश दर्ज की गई। देहरादून के भी कई हिस्सों में करीब 130 मिमी वर्षा रिकॉर्ड हुई।
12 से 14 घंटे तक होती रही बारिश
प्रदेश के कई इलाकों में करीब 12 से 14 घंटे तक लगातार बारिश होने के कारण सड़क और यातायात व्यवस्था प्रभावित हुई। पहाड़ी क्षेत्रों में भूस्खलन के साथ कई स्थानों पर मलबा और बोल्डर सड़क पर आने से आवाजाही में परेशानी बढ़ी। निचले इलाकों में बरसाती नालों और नदियों का जलस्तर भी बढ़ गया है। प्रशासन और आपदा प्रबंधन तंत्र ने लोगों से मौसम को लेकर सतर्क रहने की अपील की है। संवेदनशील क्षेत्रों में रहने वाले लोगों को विशेष सावधानी बरतने की सलाह दी गई है।
कुमाऊं में भी भारी बारिश का असर
कुमाऊं मंडल के कई इलाकों में भी बारिश ने मुश्किलें बढ़ाई हैं। कुछ स्थानों पर 70 से 100 मिमी तक वर्षा दर्ज की गई। लगातार बारिश के चलते पर्वतीय इलाकों में भूस्खलन की घटनाएं सामने आईं और कई सड़क मार्ग प्रभावित हुए। वहीं, निचले क्षेत्रों में नदी-नालों और बरसाती गदेरों का जलस्तर बढ़ने से खतरा बढ़ गया है। ऐसे में प्रशासन की ओर से लोगों को जलस्रोतों के आसपास जाने से बचने की सलाह दी जा रही है।
देहरादून-बागेश्वर में ऑरेंज अलर्ट
मौसम विभाग ने बुधवार 19 अगस्त को देहरादून और बागेश्वर के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। इन दोनों जिलों में कुछ स्थानों पर भारी से बहुत भारी बारिश होने की संभावना जताई गई है। इसके साथ ही अत्यधिक तीव्र बारिश और आकाशीय बिजली की आशंका भी बनी हुई है। इसके अलावा पौड़ी, चंपावत, टिहरी, हरिद्वार, पिथौरागढ़, नैनीताल और ऊधमसिंह नगर में यलो अलर्ट जारी किया गया है। इन जिलों में भी कुछ स्थानों पर भारी बारिश हो सकती है। प्रदेश के अन्य हिस्सों में गरज-चमक के साथ तेज से अति तेज बारिश के दौर आने का अनुमान है।
बारिश से तापमान में गिरावट
लगातार बारिश का असर तापमान पर भी दिखाई दिया। उत्तराखंड के अधिकांश हिस्सों में अधिकतम तापमान सामान्य से करीब 2 से 3 डिग्री सेल्सियस कम दर्ज किया गया। मौसम विभाग के अनुसार बुधवार को प्रदेश के ज्यादातर स्थानों पर हल्की से मध्यम बारिश और गरज के साथ बौछारें पड़ सकती हैं। बारिश के बीच पहाड़ी सड़कों पर भूस्खलन, मलबा और बोल्डर गिरने का खतरा बना हुआ है। ऐसे में यात्रियों को सफर से पहले सड़क और मौसम की स्थिति की जानकारी लेने की सलाह दी गई है। लोगों से नदी, नाले और बरसाती गदेरों के आसपास जाने से बचने की अपील भी की गई है।