Deprecated: Function WP_Dependencies->add_data() was called with an argument that is deprecated since version 6.9.0! IE conditional comments are ignored by all supported browsers. in /home/u141101890/domains/uttaranchalratna.com/public_html/wp-includes/functions.php on line 6260

उत्तराखंड में BJP की चुनावी रणनीति तैयार, दो तिहाई बहुमत पर पार्टी की नजर

भारतीय जनता पार्टी ने उत्तराखंड में आगामी विधानसभा चुनाव को लेकर अपनी तैयारियां तेज कर दी हैं। प्रदेश पदाधिकारी एवं विस्तारित कार्यसमिति की बैठक में पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नबीन ने कार्यकर्ताओं को चुनावी जीत का लक्ष्य स्पष्ट करते हुए ऐतिहासिक हैट्रिक के साथ दो तिहाई बहुमत हासिल करने की दिशा में पूरी ताकत से जुटने का आह्वान किया। बैठक में नितिन नबीन ने कहा कि भाजपा को चुनाव में अपनी विकास योजनाओं, जनकल्याणकारी कार्यों और केंद्र एवं राज्य सरकार की उपलब्धियों को जनता के बीच मजबूती से लेकर जाना होगा। उन्होंने कार्यकर्ताओं से नकारात्मक राजनीति का लोकतांत्रिक तरीके से जवाब देने और जनता के सामने सकारात्मक मुद्दों को प्रमुखता से रखने की अपील की। उन्होंने कांग्रेस पर निशाना साधते हुए आरोप लगाया कि विपक्ष समाज को विभाजित करने की राजनीति कर रहा है। नितिन नबीन ने कहा कि भाजपा की सांस्कृतिक राष्ट्रवाद की विचारधारा से जुड़े समर्पित कार्यकर्ताओं के रहते उत्तराखंड की सनातन संस्कृति और देवभूमि की पहचान को कोई नुकसान नहीं पहुंचा सकता।

राष्ट्रीय अध्यक्ष ने कहा कि जो राजनीतिक दल चुनावी मैदान में भाजपा का मुकाबला नहीं कर पा रहे हैं, वे अब छल और षड्यंत्र की राजनीति का सहारा ले रहे हैं। उन्होंने कार्यकर्ताओं से कहा कि वे जनता के बीच जाकर ऐसी राजनीति का तथ्यों के साथ जवाब दें और भाजपा सरकार के कामकाज को घर-घर तक पहुंचाएं। नितिन नबीन ने केंद्र और राज्य की डबल इंजन सरकार के विकास कार्यों को भी चुनावी अभियान का प्रमुख आधार बनाने पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार और मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में राज्य सरकार ने उत्तराखंड के विकास के लिए कई महत्वपूर्ण कदम उठाए हैं। उन्होंने कार्यकर्ताओं से इन उपलब्धियों को केवल बैठकों तक सीमित न रखने, बल्कि आम लोगों के बीच ले जाने का आह्वान किया। उनका कहना था कि जनता के बीच भाजपा के प्रति जो समर्थन दिखाई दे रहा है, उसे चुनाव में वोट में बदलने के लिए बूथ स्तर तक सक्रिय जनसंपर्क जरूरी है। राष्ट्रीय अध्यक्ष ने घर-घर संपर्क अभियान को चुनावी रणनीति का महत्वपूर्ण हिस्सा बताया। उन्होंने कार्यकर्ताओं को निर्देश दिया कि वे प्रत्येक परिवार तक पहुंचें, सरकार की योजनाओं और उपलब्धियों की जानकारी दें और जनता से सीधा संवाद स्थापित करें।

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व वाली राज्य सरकार के कामकाज की सराहना करते हुए नितिन नबीन ने कहा कि उत्तराखंड में भाजपा के पक्ष में माहौल है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से अपील की कि वे संगठन की सक्रियता और जनसंपर्क के जरिए इस समर्थन को मजबूत करें। बैठक में ‘वंदे मातरम’ को लेकर भी राष्ट्रीय अध्यक्ष ने विपक्ष पर निशाना साधा। उन्होंने इसे राष्ट्रीय स्वाभिमान और स्वतंत्रता आंदोलन से जुड़ा महत्वपूर्ण प्रतीक बताया। उन्होंने कहा कि राष्ट्रहित और राष्ट्रीय स्वाभिमान से जुड़े मुद्दों को लेकर भाजपा जनता के बीच अपना पक्ष मजबूती से रखेगी। प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट ने बैठक के फैसलों की जानकारी देते हुए बताया कि इस बार भाजपा की चुनावी रणनीति में मंडल के बजाय शक्ति केंद्रों को अधिक महत्वपूर्ण भूमिका दी जाएगी। संगठन को शक्ति केंद्र स्तर तक सक्रिय और मजबूत बनाने पर विशेष जोर रहेगा। उन्होंने बताया कि पार्टी के विभिन्न मोर्चों की भूमिका भी बढ़ाई जाएगी। मोर्चों को मंडल और शक्ति केंद्र स्तर पर संगठन को सक्रिय करने की जिम्मेदारी दी जाएगी, ताकि चुनावी तैयारियों को जमीनी स्तर तक प्रभावी तरीके से पहुंचाया जा सके। इसके साथ ही पार्टी के ऐसे वरिष्ठ और अनुभवी कार्यकर्ताओं को भी चुनावी रणनीति में शामिल किया जाएगा, जो पहले तीन बार पदाधिकारी रह चुके हैं लेकिन वर्तमान में किसी संगठनात्मक पद पर नहीं हैं। भाजपा इन अनुभवी कार्यकर्ताओं के अनुभव का इस्तेमाल चुनावी अभियान को मजबूत करने में करेगी। बैठक में तय किया गया कि विधानसभा चुनाव में भाजपा का मुख्य लक्ष्य लगातार तीसरी बार सत्ता हासिल करना और इसके साथ दो तिहाई बहुमत का आंकड़ा छूना होगा। इसके लिए संगठन को बूथ से लेकर शक्ति केंद्र तक सक्रिय करने और सरकार के कामकाज को जनता तक पहुंचाने की रणनीति पर काम किया जाएगा। भाजपा नेतृत्व ने साफ कर दिया है कि आगामी चुनाव में संगठनात्मक मजबूती, जनसंपर्क, विकास कार्य और सरकार की उपलब्धियां पार्टी के प्रमुख हथियार होंगे। अब आने वाले समय में पार्टी कार्यकर्ताओं की सक्रियता और जमीनी स्तर पर जनसंपर्क अभियान पर विशेष ध्यान देने की तैयारी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *