Deprecated: Function WP_Dependencies->add_data() was called with an argument that is deprecated since version 6.9.0! IE conditional comments are ignored by all supported browsers. in /home/u141101890/domains/uttaranchalratna.com/public_html/wp-includes/functions.php on line 6170

उत्तर प्रदेश में बदला मौसम, 24 जिलों में मूसलाधार बारिश की चेतावनी

लखनऊ: उत्तर प्रदेश में मानसून एक बार फिर सक्रिय हो गया है। पिछले दो दिनों से प्रदेश के अलग-अलग हिस्सों में कहीं तेज तो कहीं मध्यम बारिश दर्ज की जा रही है। शनिवार को राजधानी लखनऊ और मेरठ में तेज बारिश हुई, जिससे कई इलाकों में जलभराव की स्थिति पैदा हो गई। कुछ मोहल्लों में पानी घरों तक पहुंचने की भी खबर है।  मौसम विभाग ने शनिवार को प्रदेश के 24 जिलों में भारी बारिश की संभावना जताते हुए अलर्ट जारी किया है। वहीं अन्य जिलों में हल्की से मध्यम बारिश के साथ गरज-चमक की संभावना बनी हुई है।

मेरठ में सुबह से बदला मौसम

मेरठ में शनिवार सुबह मौसम ने अचानक करवट ली। काले बादलों के छाने और अंधेरा होने के बाद कई इलाकों में तेज बारिश शुरू हो गई। शहर में स्थान विशेष पर होने वाली बारिश यानी पॉकेट रेन भी देखने को मिली। बारिश के दौरान लोग छाता लेकर सड़कों पर निकलते नजर आए।  मौसम विभाग ने मेरठ में अगले 24 घंटे के दौरान गरज-चमक के साथ तेज बारिश की संभावना जताई है।

इन 24 जिलों में भारी बारिश का अलर्ट

मौसम विभाग के अनुसार श्रावस्ती, बहराइच, गोंडा, बाराबंकी, अंबेडकर नगर, अयोध्या, रायबरेली, अमेठी, सुल्तानपुर, आजमगढ़, मऊ, जौनपुर, प्रयागराज, कौशांबी, वाराणसी, गाजीपुर, चंदौली, मिर्जापुर, बांदा, चित्रकूट, सोनभद्र, संत रविदास नगर, फतेहपुर और रायबरेली में कहीं-कहीं मूसलाधार बारिश हो सकती है।  इन जिलों के लोगों को खराब मौसम और संभावित जलभराव को लेकर सतर्क रहने की सलाह दी गई है।

लखनऊ में भी झमाझम बारिश

राजधानी लखनऊ में भी शनिवार को बारिश का असर देखने को मिला। मौसम विभाग के अनुसार दिनभर बादलों की आवाजाही बनी रह सकती है और कुछ स्थानों पर गरज-चमक के साथ बारिश होने की संभावना है। लखनऊ में अधिकतम तापमान करीब 33 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान लगभग 27 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान जताया गया है।

शुक्रवार को मेरठ रहा सबसे गर्म जिला

बारिश के बावजूद शुक्रवार को मेरठ प्रदेश का सबसे गर्म जिला दर्ज किया गया। यहां अधिकतम तापमान 36.3 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया, जो सामान्य से करीब 4 डिग्री अधिक रहा।  वहीं हरदोई में न्यूनतम तापमान 23 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से लगभग 3 डिग्री कम बताया गया।

आगे कम हो सकती है बारिश

मौसम वैज्ञानिक डॉ. अतुल सिंह के अनुसार 22 अगस्त को पूर्वांचल के कई हिस्सों में बारिश की संभावना है। पूर्वी उत्तर प्रदेश के दक्षिणी इलाकों में कुछ स्थानों पर भारी बारिश हो सकती है। इसके बाद प्रदेश में पछुआ हवाओं की सक्रियता बढ़ने के साथ बारिश की गतिविधियों में कमी आने की संभावना जताई गई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *