Deprecated: Function WP_Dependencies->add_data() was called with an argument that is deprecated since version 6.9.0! IE conditional comments are ignored by all supported browsers. in /home/u141101890/domains/uttaranchalratna.com/public_html/wp-includes/functions.php on line 6170

कार में ड्रग्स रखने की साजिश का आरोप, तीन आरोपी गिरफ्तार, डीएसपी पर भी शिकंजा

मंडी रोडांवाली में पंजाब स्टेट पावरकॉम के जूनियर इंजीनियर (जेई) अमित कुमार को कथित तौर पर झूठे एनडीपीएस मामले में फंसाने की साजिश के मामले में नया मोड़ सामने आया है। मामले में पहले तीन लोगों के खिलाफ केस दर्ज किया गया था, लेकिन अब अदालत के आदेश के बाद जलालाबाद के डीएसपी गुरसेवक सिंह बराड़ को भी इस मामले में नामजद कर लिया गया है। वहीं, गिरफ्तार किए गए तीनों आरोपियों को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है, जबकि डीएसपी की गिरफ्तारी के लिए पुलिस की ओर से कार्रवाई जारी है।

पुलिस के अनुसार, जेई अमित कुमार ने शिकायत दर्ज कराई थी कि 3 जून 2026 की सुबह वह मंडी रोडांवाली स्थित अपने घर से अरनीवाला शेख सुभान में ड्यूटी के लिए जा रहे थे। रास्ते में गंग नहर के पास उन्होंने अपनी कार में रखे वाटर कूलर के लिए पानी भरा। इसी दौरान एक स्विफ्ट कार में सवार तीन लोग वहां पहुंचे और खुद को पुलिस कर्मचारी बताते हुए उनकी कार की तलाशी लेने लगे।

तलाशी के दौरान उनकी कार की कंडक्टर सीट के नीचे टेप से लिपटा हुआ एक पैकेट मिलने का दावा किया गया। अमित कुमार ने तुरंत उस पैकेट से किसी भी तरह का संबंध होने से इनकार किया। मौके पर लोगों की भीड़ जमा हो गई, जिसके बाद पुलिस टीम के साथ डीएसपी गुरसेवक सिंह बराड़ भी वहां पहुंचे।

इसके बाद अमित कुमार को पैकेट समेत सीआईए स्टाफ फाजिल्का ले जाया गया। जांच के दौरान पैकेट में कोई नशीला पदार्थ नहीं मिला, जिसके बाद उन्हें छोड़ दिया गया। शिकायतकर्ता का आरोप है कि बाद में जांच करने पर पता चला कि सुखजिंदर सिंह उर्फ शम्मी, सागर और राजन कुमार उर्फ नन्नू ने कथित तौर पर साजिश रचकर उनकी कार में सफेद पाउडर का पैकेट रखा था।

अमित कुमार का आरोप है कि उन्हें बदनाम करने और झूठे एनडीपीएस केस में फंसाने के उद्देश्य से यह पूरी साजिश रची गई थी। पुलिस को भी कथित तौर पर गलत सूचना दी गई।

इस मामले में थाना अरनीवाला पुलिस ने तीनों आरोपियों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 212, 61(2) और एनडीपीएस एक्ट की धारा 58 के तहत केस दर्ज किया था। अब गिरफ्तार आरोपी सुखजिंदर सिंह उर्फ शम्मी द्वारा अदालत में दिए गए बयान में डीएसपी गुरसेवक सिंह बराड़ का नाम सामने आने के बाद अदालत के आदेश पर उन्हें भी मामले में शामिल किया गया है। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *