Deprecated: Function WP_Dependencies->add_data() was called with an argument that is deprecated since version 6.9.0! IE conditional comments are ignored by all supported browsers. in /home/u141101890/domains/uttaranchalratna.com/public_html/wp-includes/functions.php on line 6170

तलाक की याचिका वापस लेने के बाद सुनीता का बड़ा खुलासा, गोविंदा के मैनेजर ने किया खंडन

अभिनेता गोविंदा और उनकी पत्नी सुनीता आहूजा एक बार फिर अपनी शादीशुदा जिंदगी को लेकर चर्चा में हैं। पिछले कुछ समय से दोनों के रिश्ते में अनबन और अलगाव की खबरें सामने आती रही हैं। हाल ही में सुनीता ने तलाक की याचिका वापस लेने का फैसला किया, जिसके बाद मामले ने एक नया मोड़ ले लिया है। तलाक की याचिका वापस लेने के बाद सुनीता आहूजा ने गोविंदा को लेकर एक बड़ा दावा किया। उन्होंने कथित तौर पर कहा कि उन्हें पता चला था कि गोविंदा दूसरी शादी करने की तैयारी में थे। उनके इस बयान के बाद सोशल मीडिया पर दोनों के रिश्ते को लेकर एक बार फिर चर्चा तेज हो गई। सुनीता ने यह बात अभिनेत्री राखी सावंत से बातचीत के दौरान कही। बताया जा रहा है कि राखी सावंत पैपराजी के सामने फोन को स्पीकर पर रखकर सुनीता से बातचीत कर रही थीं। इस दौरान हुई बातचीत कैमरे में रिकॉर्ड हो गई और इसका वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने लगा।

बातचीत के दौरान सुनीता ने कथित तौर पर बताया कि उन्हें जब गोविंदा की दूसरी शादी की योजना के बारे में जानकारी मिली तो उन्होंने अपनी तलाक की याचिका वापस लेने का फैसला किया। सुनीता के इस दावे के सामने आने के बाद गोविंदा की ओर से भी प्रतिक्रिया सामने आई है। गोविंदा के मैनेजर शशि सिन्हा ने सुनीता के दूसरी शादी वाले दावे को पूरी तरह खारिज कर दिया है। इंडिया टुडे से बातचीत में उन्होंने कहा कि उन्हें इस तरह की बात सुनकर हैरानी हुई है। उनके मुताबिक गोविंदा की दूसरी शादी की कोई योजना नहीं है और न ही इस तरह की कोई बात सामने आई है। शशि सिन्हा ने कहा कि अगर गोविंदा वास्तव में सुनीता से रिश्ता खत्म करना चाहते या दूसरी शादी करना चाहते, तो तलाक की पहल उनकी तरफ से होती। लेकिन तलाक की याचिका सुनीता ने दाखिल की थी और बाद में उन्होंने ही उसे वापस लेने का फैसला किया। मैनेजर ने यह भी कहा कि गोविंदा और सुनीता दोनों समझदार हैं और उम्मीद है कि वे अपने मतभेदों को सुलझा लेंगे। उन्होंने इस बात पर जोर दिया कि दोनों के बच्चे भी हैं और माता-पिता के बीच चल रही नकारात्मक खबरों का असर बच्चों पर पड़ सकता है।

शशि सिन्हा के मुताबिक, गोविंदा ने कभी सार्वजनिक रूप से सुनीता के खिलाफ कोई आपत्तिजनक बात नहीं कही। उन्होंने कहा कि गोविंदा एक जिम्मेदार और सम्मानित व्यक्ति हैं और वह ऐसा कोई कदम नहीं उठाएंगे जिससे उनके परिवार या समाज पर नकारात्मक प्रभाव पड़े। मैनेजर ने यह भी कहा कि उन्हें नहीं पता कि सुनीता ने अपनी तलाक की याचिका वापस लेने का फैसला किन परिस्थितियों में लिया। हालांकि, उन्होंने उम्मीद जताई कि आने वाले समय में दोनों के बीच सब कुछ ठीक हो जाएगा और परिवार में फिर से बेहतर माहौल बनेगा। दूसरी शादी को लेकर चल रही चर्चाओं पर शशि सिन्हा ने साफ किया कि ऐसी कोई योजना नहीं है। उन्होंने कहा कि गोविंदा फिलहाल अपने काम पर ध्यान देना चाहते हैं। ऐसे में सुनीता के दावे और गोविंदा के मैनेजर के बयान के बाद अब यह मामला एक बार फिर सुर्खियों में आ गया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *