
अगर आप Delhi-Dehradun Expressway पर सफर करने की योजना बना रहे हैं, तो यह खबर आपके लिए बेहद जरूरी है। एक्सप्रेसवे पर आज से नए टोल टैक्स सिस्टम की शुरुआत हो गई है। इसके साथ ही ट्रैफिक नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ ई-चालान व्यवस्था भी लागू कर दी गई है। अब नियम तोड़ने पर वाहन मालिक के घर सीधे ऑटोमैटिक चालान पहुंचेगा। जानकारी के अनुसार मंगलवार से ही नेशनल हाईवे अथॉरिटी और संबंधित अधिकारी टोल सिस्टम को अंतिम रूप देने में जुटे हुए थे। अब काठा और टटीरी टोल प्लाजा पर टोल वसूली की व्यवस्था पूरी तरह लागू कर दी गई है। दिल्ली से देहरादून तक यात्रा करने वाले यात्रियों को अब करीब 675 रुपये तक का संभावित टोल टैक्स चुकाना पड़ सकता है।
एक्सप्रेसवे पर वाहनों की स्पीड लिमिट भी तय कर दी गई है। कारों के लिए अधिकतम गति सीमा 100 किलोमीटर प्रति घंटा, बसों के लिए 90 किलोमीटर प्रति घंटा और भारी वाहनों के लिए 80 किलोमीटर प्रति घंटा निर्धारित की गई है।
काठा टोल प्लाजा से सहारनपुर तक छोटे वाहनों के लिए सिंगल जर्नी टोल 190 रुपये और रिटर्न जर्नी 285 रुपये तय की गई है। वहीं हल्के कमर्शियल वाहनों के लिए सिंगल यात्रा 310 रुपये और रिटर्न यात्रा 460 रुपये होगी। बस और ट्रक के लिए सिंगल जर्नी 645 रुपये और रिटर्न 970 रुपये तय किए गए हैं। इसके अलावा बड़े भारी वाहनों के लिए सिंगल जर्नी शुल्क 1235 रुपये और रिटर्न जर्नी 1835 रुपये निर्धारित किया गया है।
अब एक्सप्रेसवे पर आधुनिक तकनीक आधारित निगरानी भी शुरू हो गई है। ट्रैफिक नियम तोड़ने वालों की पहचान कैमरों और डिजिटल मॉनिटरिंग सिस्टम के जरिए की जाएगी। इसके बाद ई-चालान सीधे वाहन मालिक के पते पर भेजा जाएगा। बता दें कि दिल्ली-देहरादून एक्सप्रेसवे का उद्घाटन 14 अप्रैल को किया गया था। यह एक्सप्रेसवे दिल्ली और उत्तराखंड के बीच सफर को तेज और सुविधाजनक बनाने के उद्देश्य से तैयार किया गया है।