
रुड़की के पिरान कलियर में आयुष्मान केंद्र को लेकर राजनीतिक विवाद तेज हो गया है। आयुष्मान केंद्र संचालक स्वामी मुराद अली ने प्रेसवार्ता कर लक्सर विधायक शहजाद अली, नगर पंचायत अध्यक्ष और विधायक के भाई सत्तार पर गंभीर आरोप लगाए हैं।
मुराद अली का आरोप है कि कुछ नेता गरीबों को आयुष्मान योजना का लाभ नहीं मिलने देना चाहते और राजनीतिक दबाव बनाकर केंद्र खोलने की प्रक्रिया में बाधा डाली जा रही है। उन्होंने कहा कि नगर पंचायत के ईओ पर दबाव बनाकर उनके खिलाफ आपत्तियां दर्ज करवाई गईं, ताकि गरीबों तक स्वास्थ्य सुविधाएं न पहुंच सकें।
प्रेसवार्ता के दौरान मुराद अली ने स्वास्थ्य विभाग और मुख्य चिकित्सा अधिकारी से जुड़े दस्तावेज भी मीडिया के सामने पेश किए। उनका दावा है कि आयुष्मान केंद्र खोलने की पूरी प्रक्रिया नियमों के अनुसार की जा रही है। उन्होंने कहा कि पुराने प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र परिसर में केंद्र स्थापित करने की कार्रवाई पूरी तरह वैध है।
मुराद अली ने आरोप लगाया कि कुछ नेताओं को जनता की भलाई से ज्यादा अपनी राजनीतिक पकड़ बनाए रखने की चिंता है। उन्होंने जिला प्रशासन और स्वास्थ्य विभाग से पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कराने की मांग की है। साथ ही चेतावनी दी कि गरीबों के अधिकारों और स्वास्थ्य योजनाओं पर राजनीति बर्दाश्त नहीं की जाएगी।