Deprecated: Function WP_Dependencies->add_data() was called with an argument that is deprecated since version 6.9.0! IE conditional comments are ignored by all supported browsers. in /home/u141101890/domains/uttaranchalratna.com/public_html/wp-includes/functions.php on line 6170

बिना डीजल और बिजली के दौड़ेगी भारत की पहली हाइड्रोजन ट्रेन, 17 जुलाई से शुरुआत

भारत रेलवे के इतिहास में 17 जुलाई एक ऐतिहासिक दिन बनने जा रहा है। देश की पहली हाइड्रोजन संचालित ट्रेन हरियाणा की रेल पटरियों पर दौड़ने के लिए पूरी तरह तैयार है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी इस अत्याधुनिक ट्रेन को हरी झंडी दिखाकर रवाना करेंगे। यह परियोजना न केवल भारतीय रेलवे के आधुनिकीकरण की दिशा में बड़ा कदम है, बल्कि पर्यावरण संरक्षण और ग्रीन एनर्जी को बढ़ावा देने की दिशा में भी मील का पत्थर मानी जा रही है। मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने कहा कि यह उपलब्धि केवल हरियाणा ही नहीं बल्कि पूरे देश के लिए गर्व का विषय है। उन्होंने बताया कि जींद से सोनीपत के बीच संचालित होने वाली यह हाइड्रोजन ट्रेन बिना डीजल और बिना पारंपरिक बिजली के चलेगी। इससे प्रदूषण में कमी आएगी और भविष्य में भारतीय रेलवे को स्वच्छ एवं टिकाऊ परिवहन व्यवस्था की नई दिशा मिलेगी।

प्रधानमंत्री के दौरे के दौरान कुरुक्षेत्र के एलिवेटिड रेलवे ट्रैक का भी शुभारंभ किया जाएगा। इस परियोजना के शुरू होने से शहर के पांच प्रमुख रेलवे फाटक हमेशा के लिए बंद हो जाएंगे, जिससे लोगों को लंबे ट्रैफिक जाम और घंटों के इंतजार से राहत मिलेगी। स्थानीय नागरिकों के लिए यह परियोजना यातायात व्यवस्था को अधिक सुगम और सुरक्षित बनाएगी। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी अपने हरियाणा दौरे के दौरान भव्य सिख संग्रहालय का भी शिलान्यास करेंगे। यह संग्रहालय पहली पातशाही गुरु नानक देव जी से लेकर दसवीं पातशाही गुरु गोबिंद सिंह जी के जीवन, इतिहास और पवित्र वाणी को आधुनिक तकनीक के माध्यम से प्रदर्शित करेगा। इससे देश-विदेश से आने वाले श्रद्धालुओं और पर्यटकों को सिख इतिहास और विरासत को करीब से जानने का अवसर मिलेगा। मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने रविवार देर रात सेक्टर-3 स्थित अपने आवास पर पार्टी कार्यकर्ताओं के साथ बैठक कर प्रधानमंत्री के प्रस्तावित दौरे की तैयारियों की समीक्षा की। उन्होंने कार्यकर्ताओं को अलग-अलग जिम्मेदारियां सौंपी और कार्यक्रम को ऐतिहासिक एवं सफल बनाने का आह्वान किया।  मुख्यमंत्री ने कहा कि हाइड्रोजन ट्रेन भारत में हरित ऊर्जा आधारित परिवहन प्रणाली की शुरुआत का प्रतीक है। आने वाले वर्षों में इस तकनीक का विस्तार होने से ईंधन पर निर्भरता कम होगी, पर्यावरण को लाभ मिलेगा और भारतीय रेलवे विश्वस्तरीय तकनीक की दिशा में एक नया अध्याय लिखेगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *