Deprecated: Function WP_Dependencies->add_data() was called with an argument that is deprecated since version 6.9.0! IE conditional comments are ignored by all supported browsers. in /home/u141101890/domains/uttaranchalratna.com/public_html/wp-includes/functions.php on line 6170

भाजपा-कांग्रेस का गणित बिगाड़कर नगर परिषद पर AAP ने जमाया कब्जा

मुकेरियां नगर परिषद में बड़ा राजनीतिक उलटफेर देखने को मिला है। नगर परिषद चुनाव में केवल एक सीट जीतने वाली आम आदमी पार्टी (आप) ने बदलते राजनीतिक समीकरणों के बीच 15 सदस्यीय नगर परिषद पर अपना कब्जा जमा लिया। अध्यक्ष और उपाध्यक्ष पद के चुनाव में पार्टी समर्थित उम्मीदवारों ने जीत हासिल कर सभी को चौंका दिया। अध्यक्ष पद पर अनूप कुमार भट्टी निर्वाचित हुए, जबकि डॉ. मधुमिता को उपाध्यक्ष चुना गया। नगर परिषद चुनाव के नतीजे घोषित होने के करीब दो महीने बाद अध्यक्ष और उपाध्यक्ष पद के लिए मतदान कराया गया, जिसमें अंतिम समय में बदले राजनीतिक समीकरण निर्णायक साबित हुए।

नगर परिषद चुनाव में भाजपा ने सात सीटें जीतकर सबसे बड़ी पार्टी के रूप में बढ़त बनाई थी। कांग्रेस को छह सीटें मिली थीं, जबकि आम आदमी पार्टी के खाते में केवल एक सीट आई थी। एक निर्दलीय उम्मीदवार भी चुनाव जीतकर परिषद में पहुंचा था। शुरुआती आंकड़ों के आधार पर भाजपा को अध्यक्ष पद का सबसे मजबूत दावेदार माना जा रहा था। हालांकि अध्यक्ष पद के चुनाव से पहले कई राजनीतिक घटनाक्रम हुए, जिन्होंने पूरे समीकरण बदल दिए। कांग्रेस के तीन पार्षद आम आदमी पार्टी में शामिल हो गए। इसके अलावा पूर्व कांग्रेसी नेता सरबजोत सिंह साबी ने भी आप का दामन थाम लिया। एक निर्दलीय पार्षद ने भी आम आदमी पार्टी को समर्थन देने का फैसला किया।

चुनाव से ठीक एक दिन पहले भाजपा के पार्षद अनूप कुमार भट्टी और डॉ. मधुमिता भी आम आदमी पार्टी में शामिल हो गए। इसके बाद परिषद में आप समर्थित पार्षदों की संख्या बढ़कर 10 हो गई, जिससे पार्टी ने स्पष्ट बहुमत हासिल कर लिया और अध्यक्ष व उपाध्यक्ष दोनों पदों पर जीत दर्ज कर ली। जीत के बाद नवनिर्वाचित अध्यक्ष अनूप कुमार भट्टी और उपाध्यक्ष डॉ. मधुमिता ने कहा कि उनका मुख्य उद्देश्य शहर की बुनियादी सुविधाओं को बेहतर बनाना होगा। उन्होंने सफाई व्यवस्था, पेयजल आपूर्ति, सड़कों की मरम्मत, सीवरेज व्यवस्था और स्ट्रीट लाइट जैसी समस्याओं को प्राथमिकता के आधार पर हल करने का भरोसा दिलाया। अध्यक्ष और उपाध्यक्ष के चुनाव के दौरान आम आदमी पार्टी के कई वरिष्ठ नेता और विधायक भी मौजूद रहे। पार्टी नेताओं ने इसे संगठन की रणनीतिक सफलता बताते हुए कहा कि नगर परिषद में विकास कार्यों को गति देने के लिए सभी पार्षदों के सहयोग से काम किया जाएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *