Deprecated: Function WP_Dependencies->add_data() was called with an argument that is deprecated since version 6.9.0! IE conditional comments are ignored by all supported browsers. in /home/u141101890/domains/uttaranchalratna.com/public_html/wp-includes/functions.php on line 6170

मिर्जापुर की गद्दी के लिए फिर छिड़ी जंग, टीजर ने बढ़ाया रोमांच

लोकप्रिय वेब सीरीज मिर्जापुर अब सिनेमाघरों में धमाका करने के लिए तैयार है। मेकर्स ने गुरुवार को बहुप्रतीक्षित फिल्म ‘मिर्जापुर: द मूवी’ का टीजर रिलीज कर दिया, जिसके बाद सोशल मीडिया पर फैंस का उत्साह चरम पर पहुंच गया है। टीजर में कालीन भैया, गुड्डू पंडित और मुन्ना भैया के किरदार एक बार फिर अपने दमदार अंदाज में नजर आए हैं, जबकि नए चेहरों की एंट्री ने फिल्म को लेकर उत्सुकता और बढ़ा दी है।

टीजर की शुरुआत मिर्जापुर की सत्ता और वर्चस्व की लड़ाई से होती है। पंकज त्रिपाठी अपने चर्चित किरदार कालीन भैया के रूप में प्रभावशाली अंदाज में दिखाई देते हैं, वहीं अली फजल गुड्डू पंडित के किरदार में जबरदस्त एक्शन करते नजर आते हैं। सबसे ज्यादा चर्चा दिव्येंदु शर्मा की हो रही है, जिन्हें देखकर फैंस हैरान भी हैं और उत्साहित भी, क्योंकि वे एक बार फिर मुन्ना भैया के रूप में दिखाई दिए हैं।

फिल्म में इस बार कई नए किरदार भी जोड़े गए हैं। पंचायत फेम जितेंद्र कुमार और अभिनेता रवि किशन की एंट्री ने दर्शकों की दिलचस्पी और बढ़ा दी है। टीजर में दोनों कलाकार अलग और प्रभावशाली अंदाज में नजर आए, जिससे अंदाजा लगाया जा रहा है कि उनकी भूमिका कहानी में अहम होने वाली है।

टीजर रिलीज होते ही सोशल मीडिया पर फैंस के रिएक्शन की बाढ़ आ गई। एक यूजर ने लिखा, “अब 4 सितंबर का इंतजार करना मुश्किल हो गया है।” वहीं दूसरे यूजर ने कहा, “मिर्जापुर का नियम है, लॉयल रहना पड़ेगा।” कई दर्शकों ने जितेंद्र कुमार को बबलू पंडित से जोड़ते हुए उनकी एंट्री की तारीफ की, जबकि कुछ फैंस ने विक्रांत मैसी के किरदार को याद किया।

मुन्ना भैया की वापसी को लेकर भी सोशल मीडिया पर खूब चर्चा हो रही है। कई यूजर्स सवाल पूछ रहे हैं कि “मुन्ना भैया वापस कैसे आ गए?” वहीं कुछ फैंस ने इसे फिल्म का सबसे बड़ा सरप्राइज बताया। रवि किशन की झलक देखकर भी दर्शकों ने मजेदार प्रतिक्रियाएं दीं और कहा कि उनकी एंट्री पूरी तरह सरप्राइज पैकेज है।

फिल्म का निर्देशन गुरमीत सिंह ने किया है, जबकि इसकी कहानी और पटकथा पुनीत कृष्णा ने लिखी है। फिल्म को रितेश सिधवानी और फरहान अख्तर ने एक्सेल एंटरटेनमेंट के बैनर तले प्रोड्यूस किया है। इसके को-प्रोड्यूसर कासिम जगमगिया और विशाल रामचंदानी हैं। मेकर्स के अनुसार ‘मिर्जापुर: द मूवी’ 4 सितंबर 2026 को देशभर के सिनेमाघरों में रिलीज होगी। टीजर को मिले जबरदस्त रिस्पॉन्स के बाद फिल्म को लेकर दर्शकों की उम्मीदें काफी बढ़ गई हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *