Deprecated: Function WP_Dependencies->add_data() was called with an argument that is deprecated since version 6.9.0! IE conditional comments are ignored by all supported browsers. in /home/u141101890/domains/uttaranchalratna.com/public_html/wp-includes/functions.php on line 6170

मौसम विभाग की बड़ी चेतावनी! उत्तराखंड में अगले 6 दिन जमकर बरसेंगे बादल

देहरादून:– उत्तराखंड में मानसून एक बार फिर सक्रिय हो गया है। मौसम विज्ञान केंद्र, देहरादून द्वारा जारी ताजा पूर्वानुमान के अनुसार राज्य में 30 जुलाई से 4 अगस्त तक अधिकांश जिलों में बारिश का सिलसिला जारी रहेगा। इस दौरान कई पर्वतीय जिलों में भारी से बहुत भारी बारिश, तेज बारिश के दौर, आकाशीय बिजली और भूस्खलन की आशंका जताई गई है। मौसम विभाग ने लोगों से सतर्क रहने और अनावश्यक यात्रा से बचने की अपील की है।

30 जुलाई के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी

मौसम विभाग के अनुसार गुरुवार, 30 जुलाई को बागेश्वर, नैनीताल, चंपावत और पिथौरागढ़ जिलों में कहीं-कहीं भारी से बहुत भारी बारिश होने की संभावना है। इन जिलों में बारिश के तीव्र से अति तीव्र दौर भी देखने को मिल सकते हैं। लगातार बारिश के कारण नदियों और गधेरों का जलस्तर बढ़ने, भूस्खलन और सड़कें बाधित होने का खतरा बना रहेगा। इसी को देखते हुए इन चार जिलों के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है।

इन जिलों में येलो अलर्ट

उत्तरकाशी, देहरादून, रुद्रप्रयाग, चमोली, पौड़ी गढ़वाल और टिहरी गढ़वाल जिलों में भी कई स्थानों पर भारी बारिश की संभावना जताई गई है। वहीं अन्य पर्वतीय क्षेत्रों में तेज से बहुत तेज बारिश के दौर चल सकते हैं। हरिद्वार और ऊधम सिंह नगर जिलों में गरज-चमक के साथ बारिश और आकाशीय बिजली गिरने की आशंका है। इन सभी जिलों के लिए येलो अलर्ट जारी किया गया है।

जुलाई का अंत भी बारिश के साथ

मौसम विभाग के अनुसार 31 जुलाई को भी बारिश का सिलसिला जारी रहेगा। इस दिन देहरादून, पौड़ी गढ़वाल, बागेश्वर और नैनीताल जिलों में भारी बारिश की संभावना है। अन्य पर्वतीय जिलों में तेज बारिश के दौर जारी रहेंगे, जबकि हरिद्वार और ऊधम सिंह नगर में हल्की से मध्यम बारिश होने के आसार हैं।

अगस्त की शुरुआत भी मानसून के साथ

1 अगस्त को भी मौसम में कोई बड़ा बदलाव देखने को नहीं मिलेगा।

मौसम विभाग के अनुसार देहरादून, पौड़ी गढ़वाल, उत्तरकाशी, पिथौरागढ़ और चंपावत जिलों में भारी बारिश हो सकती है। अन्य पर्वतीय क्षेत्रों में भी तेज बारिश के दौर जारी रहेंगे। मैदानी जिलों हरिद्वार और ऊधम सिंह नगर में हल्की से मध्यम बारिश की संभावना जताई गई है। इस दिन भी येलो अलर्ट प्रभावी रहेगा।

2 अगस्त को भी बारिश का दौर रहेगा जारी

रविवार, 2 अगस्त को पिथौरागढ़, बागेश्वर और नैनीताल जिलों में भारी बारिश की संभावना बनी हुई है।

इसके अलावा राज्य के अधिकांश पर्वतीय जिलों में तेज बारिश हो सकती है, जबकि हरिद्वार और ऊधम सिंह नगर में हल्की से मध्यम बारिश का अनुमान है।

3 और 4 अगस्त तक पूरे प्रदेश में बरसेंगे बादल

मौसम विभाग के अनुसार 3 और 4 अगस्त को उत्तराखंड के लगभग सभी जिलों में हल्की से मध्यम बारिश होने की संभावना है। कई इलाकों में रुक-रुक कर बारिश का सिलसिला जारी रह सकता है। लगातार बारिश के कारण पहाड़ी क्षेत्रों में भूस्खलन, चट्टान गिरने, सड़कें बंद होने और नदी-नालों के उफान पर आने का खतरा बना रहेगा।

लोगों के लिए मौसम विभाग की सलाह

मौसम विभाग ने नागरिकों और यात्रियों से अपील की है कि खराब मौसम के दौरान अनावश्यक यात्रा से बचें। विशेषकर पर्वतीय क्षेत्रों में यात्रा करने वाले लोग मौसम की ताजा जानकारी लेकर ही सफर करें। प्रशासन ने संवेदनशील इलाकों में रहने वाले लोगों को सतर्क रहने, नदी-नालों से दूर रहने और मौसम विभाग द्वारा जारी अलर्ट का पालन करने की सलाह दी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *