Deprecated: Function WP_Dependencies->add_data() was called with an argument that is deprecated since version 6.9.0! IE conditional comments are ignored by all supported browsers. in /home/u141101890/domains/uttaranchalratna.com/public_html/wp-includes/functions.php on line 6170

रुड़की में हत्या के आरोपियों से पुलिस की मुठभेड़, एक बदमाश घायल, दो फरार आरोपी गिरफ्तार

रुड़की: हरिद्वार जिले के रुड़की में शराब कैंटीन संचालक अमन हत्याकांड का पुलिस ने खुलासा करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। नगला इमरती क्षेत्र में आरोपियों की तलाश के दौरान पुलिस और बाइक सवार बदमाशों के बीच मुठभेड़ हो गई। जवाबी कार्रवाई में मुख्य आरोपी सौरभ के पैर में गोली लगी, जबकि उसके दो साथी मौके से भाग निकले। बाद में पुलिस ने कॉम्बिंग अभियान चलाकर दोनों फरार आरोपियों को भी गिरफ्तार कर लिया। पुलिस के मुताबिक, शुक्रवार 21 अगस्त की रात सिविल लाइन कोतवाली क्षेत्र के ढंडेरा में 26 वर्षीय शराब कैंटीन संचालक अमन की बाइक सवार हमलावरों ने ताबड़तोड़ फायरिंग कर हत्या कर दी थी। वारदात के बाद पुलिस ने आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए कई टीमें गठित की थीं।

इसी दौरान पुलिस को मुखबिर के जरिए सूचना मिली कि नगला इमरती गांव के पास बाइक पर तीन संदिग्ध युवक घूम रहे हैं। सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने उन्हें रोकने का प्रयास किया। पुलिस के अनुसार, बदमाशों ने टीम पर फायरिंग शुरू कर दी। जवाब में पुलिस ने भी गोली चलाई, जिसमें एक बदमाश के पैर में गोली लग गई। उसके दो साथी अंधेरे और मौके की स्थिति का फायदा उठाकर फरार हो गए।  मुठभेड़ की जानकारी मिलने के बाद पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी भी घटनास्थल पर पहुंचे और स्थिति का जायजा लिया। फरार आरोपियों की तलाश में आसपास के इलाकों में कॉम्बिंग अभियान चलाया गया। घायल आरोपी को उपचार के लिए रुड़की के सिविल अस्पताल में भर्ती कराया गया।

पुलिस ने घायल आरोपी की पहचान सौरभ पुत्र देशराज, निवासी ढंडेरा के रूप में की है। पुलिस के अनुसार, पूछताछ में सौरभ ने अमन की हत्या में खुद समेत तीन लोगों के शामिल होने की बात स्वीकार की। इसके बाद पुलिस ने फरार दोनों आरोपियों को भी गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान अर्पित सैनी (19), पुत्र कुलबीर सैनी, निवासी ग्राम ठसका, कोतवाली मंगलौर और दीप यादव (19), पुत्र जोगिंदर यादव, निवासी माता वाला हसन बाग, कस्बा लंढौरा, कोतवाली मंगलौर के रूप में हुई है। एसपी देहात शेखर चंद्र सुयाल के मुताबिक, संदिग्धों को रोकने के दौरान पुलिस टीम पर फायरिंग की गई थी, जिसके बाद पुलिस ने जवाबी कार्रवाई की। इसी कार्रवाई में एक आरोपी घायल हुआ, जबकि फरार हुए उसके दोनों साथियों को बाद में गिरफ्तार कर लिया गया।

कांवड़ मेले में चेन झपटमारी के आरोपी भी गिरफ्तार

वहीं, कांवड़ मेले के दौरान ज्वालापुर क्षेत्र में चेन झपटमारी की वारदात को अंजाम देने वाले दो आरोपियों को भी पुलिस ने गिरफ्तार किया है। पुलिस ने उनके कब्जे से झाड़ियों में छिपाकर रखी गई पीली धातु की चेन बरामद की है। गिरफ्तार आरोपियों में शिवम गुप्ता के खिलाफ चोरी, लूट, डकैती और गैंगस्टर एक्ट समेत 13 मुकदमे दर्ज बताए गए हैं। दूसरे आरोपी राहुल का भी आपराधिक रिकॉर्ड सामने आया है। दोनों आरोपी उत्तर प्रदेश के लखीमपुर खीरी के रहने वाले हैं। पुलिस के अनुसार, दोनों आरोपियों ने कांवड़ मेले की भीड़ का फायदा उठाकर चेन झपटमारी की वारदात को अंजाम दिया और मौके से फरार हो गए थे। पुलिस अब इन मामलों में आरोपियों से पूछताछ कर आगे की कार्रवाई कर रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *