Deprecated: Function WP_Dependencies->add_data() was called with an argument that is deprecated since version 6.9.0! IE conditional comments are ignored by all supported browsers. in /home/u141101890/domains/uttaranchalratna.com/public_html/wp-includes/functions.php on line 6170

रुद्रपुर हाईवे पर शराब पीकर हुड़दंग का मामला, पुलिस ने चलाया अभियान

रुद्रपुर:- शहर में सार्वजनिक स्थान पर शराब पीकर हुड़दंग करने का एक वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। मामला रोडवेज बस अड्डे के पास दिल्ली-नैनीताल हाईवे किनारे स्थित अंग्रेजी शराब की दुकान के बाहर का बताया जा रहा है। वायरल वीडियो में कुछ युवक थार वाहन की छत पर बैठकर खुलेआम बीयर पीते और शोर-शराबा करते नजर आ रहे हैं। बताया जा रहा है कि बीती शाम थार वाहन से कुछ युवक शराब की दुकान के बाहर पहुंचे थे। उन्होंने वाहन को सड़क किनारे खड़ा किया और फिर उसकी छत पर चढ़ गए। इसके बाद युवक बीयर की कैन और बोतलें लेकर खुलेआम शराब पीने लगे। इस दौरान वे काफी देर तक तेज आवाज में शोर करते रहे और सड़क किनारे हंगामा करते नजर आए।

राहगीरों और दुकानदारों को हुई परेशानी

युवकों के इस व्यवहार से आसपास मौजूद दुकानदारों, राहगीरों और स्थानीय लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ा। कुछ लोगों ने युवकों को सार्वजनिक जगह पर इस तरह शराब न पीने और हुड़दंग नहीं करने की सलाह दी। इस दौरान स्थानीय लोगों और युवकों के बीच कुछ देर बहस भी हुई। मामले को गंभीरता से लेते हुए कुछ लोगों ने अपने मोबाइल फोन से पूरी घटना का वीडियो रिकॉर्ड कर लिया। बाद में यही वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया।

पुलिस के पहुंचने से पहले फरार हुए युवक

वीडियो बनाए जाने की जानकारी होने के बाद थार सवार युवक वहां से निकलने लगे। इसी दौरान किसी स्थानीय व्यक्ति ने बाजार चौकी पुलिस को मामले की सूचना दे दी। हालांकि पुलिस के मौके पर पहुंचने से पहले ही युवक थार लेकर वहां से फरार हो गए। सूचना मिलने के बाद बाजार चौकी पुलिस मौके पर पहुंची और आसपास के क्षेत्र का जायजा लिया। पुलिस ने रोडवेज परिसर तथा हाईवे के आसपास सार्वजनिक स्थानों पर शराब पी रहे अन्य लोगों के खिलाफ भी कार्रवाई की। ऐसे लोगों को मौके से हटाया गया और सार्वजनिक स्थान पर शराब पीने पर चेतावनी दी गई।

वायरल वीडियो की जांच में जुटी पुलिस

एसपी सिटी उत्तम सिंह नेगी ने बताया कि सार्वजनिक स्थान पर शराब पीने और कानून-व्यवस्था प्रभावित करने वालों के खिलाफ पुलिस लगातार अभियान चला रही है। वायरल वीडियो का संज्ञान लिया गया है। वीडियो के आधार पर यदि संबंधित युवकों की पहचान होती है तो उनके खिलाफ नियमानुसार कानूनी कार्रवाई की जाएगी। पुलिस का कहना है कि सार्वजनिक स्थानों पर शराब पीने और हुड़दंग करने वालों के खिलाफ अभियान आगे भी जारी रहेगा। आसपास के लोगों से घटना के संबंध में जानकारी जुटाने के साथ ही वायरल वीडियो की जांच की जा रही है।

स्थानीय लोगों ने की नियमित गश्त की मांग

घटना के बाद स्थानीय नागरिकों ने शराब की दुकानों और रोडवेज-हाईवे क्षेत्र के आसपास पुलिस गश्त बढ़ाने की मांग की है। लोगों का कहना है कि शाम के समय कुछ लोग सार्वजनिक जगहों पर खुलेआम शराब पीते दिखाई देते हैं, जिससे यात्रियों के साथ महिलाओं और बच्चों को भी असहज परिस्थितियों का सामना करना पड़ता है। स्थानीय लोगों का कहना है कि ऐसे संवेदनशील स्थानों पर नियमित पुलिस निगरानी और सख्ती बढ़ाई जाए, ताकि सार्वजनिक स्थान पर शराब पीने और हुड़दंग जैसी घटनाओं पर प्रभावी रोक लग सके।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *