Deprecated: Function WP_Dependencies->add_data() was called with an argument that is deprecated since version 6.9.0! IE conditional comments are ignored by all supported browsers. in /home/u141101890/domains/uttaranchalratna.com/public_html/wp-includes/functions.php on line 6170

लक्सर: विकास कार्य गिनाते-गिनाते पूर्व विधायक संजय गुप्ता ने कह दी ऐसी बात, मचा बवाल

लक्सर: हरिद्वार जिले की लक्सर विधानसभा सीट से पूर्व भाजपा विधायक संजय गुप्ता का एक बयान सोशल मीडिया और राजनीतिक गलियारों में चर्चा का विषय बन गया है। जन्मदिन के अवसर पर आयोजित एक कार्यक्रम में अपने कार्यकाल के विकास कार्यों का जिक्र करते हुए उन्होंने मतदाताओं को लेकर मजाकिया अंदाज में ऐसी टिप्पणी कर दी, जिसके बाद उनका वीडियो तेजी से वायरल हो रहा है।  कार्यक्रम में बड़ी संख्या में भाजपा कार्यकर्ता, समर्थक और कई प्रमुख लोग मौजूद रहे। पूर्व कैबिनेट मंत्री स्वामी यतीश्वरानंद और अखाड़ा परिषद के अध्यक्ष श्रीमहंत रविंद्रपुरी समेत कई भाजपा नेता भी कार्यक्रम में शामिल हुए।

विकास कार्य गिनाते हुए कही यह बात

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए संजय गुप्ता ने विधायक रहते हुए लक्सर विधानसभा क्षेत्र में कराए गए विकास कार्यों का उल्लेख किया। उन्होंने खासतौर पर क्षेत्र में पेयजल व्यवस्था को बेहतर बनाने के लिए किए गए कार्यों और पानी की टंकियों के निर्माण का जिक्र किया। उन्होंने कहा कि पहले लोगों को कम गहराई पर मिलने वाला पानी गंदा मिलता था, लेकिन उनके कार्यकाल में लोगों तक स्वच्छ पानी पहुंचाने के लिए काम किया गया। इसी दौरान अपने कार्यों का जिक्र करते हुए उत्साह में उन्होंने मतदाताओं से जुड़ी एक टिप्पणी कर दी। संजय गुप्ता ने मजाकिया लहजे में कहा कि “मेरा पानी पीकर वोट नहीं दिया तो पेट में कीड़े पड़ेंगे।” इस टिप्पणी के बाद कार्यक्रम में मौजूद लोगों के बीच भी चर्चा शुरू हो गई। उनके बयान को लेकर अलग-अलग प्रतिक्रियाएं सामने आ रही हैं और अब इसका वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से साझा किया जा रहा है।

राजनीतिक हलकों में बयान के मायने तलाशे जा रहे

पूर्व विधायक का बयान सामने आने के बाद राजनीतिक गलियारों में भी इसे लेकर चर्चाएं तेज हो गई हैं। आगामी विधानसभा चुनाव को देखते हुए उनके बयान के अलग-अलग राजनीतिक मायने निकाले जा रहे हैं। सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो भी लगातार लोगों का ध्यान खींच रहा है।

दो बार विधायक रहे संजय गुप्ता

संजय गुप्ता वर्ष 2012 में पहली बार लक्सर विधानसभा सीट से विधायक चुने गए थे। इसके बाद 2017 के विधानसभा चुनाव में उन्होंने लगातार दूसरी बार इस सीट पर जीत दर्ज की। हालांकि, वर्ष 2022 के विधानसभा चुनाव में उन्हें हार का सामना करना पड़ा था और बहुजन समाज पार्टी के मोहम्मद शहजाद ने लक्सर सीट से जीत हासिल की थी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *