Deprecated: Function WP_Dependencies->add_data() was called with an argument that is deprecated since version 6.9.0! IE conditional comments are ignored by all supported browsers. in /home/u141101890/domains/uttaranchalratna.com/public_html/wp-includes/functions.php on line 6170

सहसपुर सीट पर हरक सिंह बोले- मुझसे बेहतर जीतने वाला हो तो उसे मिले टिकट

देहरादून: कांग्रेस के वरिष्ठ नेता और चुनाव प्रबंधन समिति के अध्यक्ष डॉ. हरक सिंह रावत ने आगामी विधानसभा चुनाव को लेकर बड़ा बयान दिया है। उन्होंने कहा कि उन्हें न तो चुनाव लड़ने की कोई इच्छा है और न ही विधायक बनने की। उनकी प्राथमिकता सिर्फ इतनी है कि उत्तराखंड में कांग्रेस की सरकार बने। हरक सिंह रावत ने सोशल मीडिया के माध्यम से जारी अपने बयान में कहा कि पार्टी को टिकट केवल उन्हीं दावेदारों को देना चाहिए, जिनके चुनाव जीतने की वास्तविक संभावना हो। उन्होंने कहा कि यदि वह खुद भी किसी सीट से जीतने की स्थिति में नहीं हैं तो पार्टी को उन्हें भी टिकट नहीं देना चाहिए।

बोले- जीतने की क्षमता वाले उम्मीदवार को मिले टिकट

हरक सिंह रावत ने कहा कि चुनाव लड़ना या विधायक बनना उनका मकसद नहीं है। उन्होंने स्पष्ट किया कि उनकी एकमात्र राजनीतिक इच्छा उत्तराखंड में कांग्रेस की सरकार बनाना है। सहसपुर विधानसभा सीट का उदाहरण देते हुए उन्होंने कहा कि यदि पार्टी को लगता है कि उनके अलावा कोई दूसरा उम्मीदवार चुनाव जीतने की बेहतर स्थिति में है तो टिकट उस व्यक्ति को दिया जाना चाहिए। उन्होंने कहा कि आगामी विधानसभा चुनाव को लेकर प्रदेश की लगभग हर विधानसभा सीट पर 5 से 10 दावेदार सामने आ रहे हैं। फिलहाल कांग्रेस के पास 20 विधायक हैं, जबकि प्रदेश की 50 विधानसभा सीटों पर पार्टी के विधायक नहीं हैं।

हरक सिंह ने बताई चुनाव जीतने की ‘थ्योरी’

हरक सिंह रावत ने चुनाव में जीत के लिए चार प्रमुख कारकों का जिक्र किया। उनके अनुसार किसी चुनाव में 25 प्रतिशत भूमिका पार्टी की हवा, 25 प्रतिशत प्रत्याशी के व्यक्तिगत प्रभाव और व्यक्तित्व, 25 प्रतिशत सामाजिक ताने-बाने एवं जातीय समीकरण और बाकी 25 प्रतिशत आर्थिक क्षमता की होती है। उन्होंने संकेत दिया कि टिकट वितरण के दौरान पार्टी को सिर्फ राजनीतिक दावेदारी के बजाय उम्मीदवार की वास्तविक जीत की क्षमता को प्राथमिकता देनी चाहिए।

कांग्रेस की सरकार बनाना बताया सबसे बड़ा लक्ष्य

हरक सिंह रावत के बयान से यह स्पष्ट है कि वह आगामी विधानसभा चुनाव में टिकट की दावेदारी से ज्यादा पार्टी की चुनावी रणनीति और कांग्रेस की सरकार बनाने पर जोर दे रहे हैं। उन्होंने पार्टी नेतृत्व को भी ऐसे उम्मीदवारों को प्राथमिकता देने की बात कही है, जो अपने-अपने क्षेत्रों में कांग्रेस को जीत दिलाने की स्थिति में हों।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *