
देहरादून। उत्तराखंड के चारधाम सहित अन्य प्रमुख धार्मिक स्थलों को बम से उड़ाने की धमकी मिलने के बाद पूरे राज्य में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है। सोशल मीडिया और ई-मेल के माध्यम से मिली इस धमकी के बाद पुलिस, खुफिया एजेंसियां और सुरक्षा बल हाई अलर्ट मोड पर आ गए हैं। चारधाम यात्रा मार्गों, मंदिर परिसरों और संवेदनशील धार्मिक स्थलों पर सुरक्षा बढ़ा दी गई है।
जानकारी के अनुसार धमकी भरे संदेशों में चारधाम के साथ-साथ मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी को भी निशाना बनाने की बात कही गई है। मामला सामने आने के बाद प्रशासन और सुरक्षा एजेंसियों ने तुरंत कार्रवाई शुरू कर दी। पुलिस की साइबर टीम ई-मेल और सोशल मीडिया अकाउंट्स की जांच में जुट गई है ताकि धमकी देने वाले लोगों की पहचान की जा सके।
बदरीनाथ-केदारनाथ मंदिर समिति (BKTC) के अध्यक्ष हेमंत द्विवेदी ने मामले को गंभीर बताते हुए मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी और पुलिस महानिदेशक (DGP) से बातचीत की। उन्होंने चारधाम यात्रा मार्ग, मंदिर परिसरों, पार्किंग स्थलों और श्रद्धालुओं की आवाजाही वाले क्षेत्रों में विशेष निगरानी बढ़ाने की मांग की है।
मामले की गंभीरता को देखते हुए मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने डीजीपी, गृह सचिव और अन्य वरिष्ठ अधिकारियों की तत्काल उच्चस्तरीय बैठक बुलाई। बैठक में चारधाम यात्रा की सुरक्षा व्यवस्था की समीक्षा की गई और संबंधित अधिकारियों को किसी भी प्रकार की लापरवाही न बरतने के निर्देश दिए गए।
सूत्रों के अनुसार चारों धामों में अतिरिक्त पुलिस बल की तैनाती की जा रही है। सीसीटीवी कैमरों के माध्यम से निगरानी बढ़ाई गई है और आने-जाने वाले लोगों की सघन जांच की जा रही है। सुरक्षा एजेंसियां हर गतिविधि पर नजर बनाए हुए हैं ताकि श्रद्धालुओं की सुरक्षा सुनिश्चित की जा सके।
प्रशासन ने श्रद्धालुओं से अपील की है कि वे किसी भी प्रकार की अफवाहों पर ध्यान न दें और यात्रा के दौरान सुरक्षा एजेंसियों का सहयोग करें। अधिकारियों का कहना है कि चारधाम यात्रा पूरी तरह सुरक्षित है और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तुरंत पुलिस को दी जानी चाहिए।