
देहरादून में सोशल मीडिया के जरिए महिला अधिवक्ता को मानसिक रूप से प्रताड़ित करने, आर्थिक शोषण और बदनाम करने की धमकी देने का गंभीर मामला सामने आया है। कोतवाली नगर में महिला अधिवक्ता की ओर से दिए गए प्रार्थना पत्र के आधार पर पुलिस ने आरोपी के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पीड़िता का आरोप है कि आरोपी ने पहले सोशल मीडिया के जरिए सहानुभूति हासिल की और फिर भावनात्मक दबाव बनाकर उससे धनराशि ली।
महिला अधिवक्ता ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि उसकी पहचान Keshav Thalwal नाम के व्यक्ति से “जागो उत्तराखण्ड” नाम के फेसबुक पेज के माध्यम से हुई थी। आरोपी खुद को पीड़ित और पुलिस प्रताड़ना का शिकार बताकर लोगों की सहानुभूति हासिल करता था। धीरे-धीरे उसने महिला से संपर्क बढ़ाया और अपनी आर्थिक स्थिति खराब होने तथा सामाजिक संघर्षों की भावुक बातें बताकर उसका विश्वास जीत लिया।
शिकायत के अनुसार आरोपी ने महिला पर भावनात्मक दबाव बनाते हुए गूगल पे और अन्य माध्यमों से कई बार पैसे लिए। जब महिला ने अपनी रकम वापस मांगी तो आरोपी ने कथित तौर पर अपमानजनक व्यवहार किया और पैसे लौटाने से साफ इनकार कर दिया। इतना ही नहीं, आरोपी ने महिला की निजी फोटो और वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल करने तथा सार्वजनिक रूप से बदनाम करने की धमकी भी दी।
पीड़िता ने आरोप लगाया कि आरोपी अपने परिचितों और दोस्तों के बीच महिला को अपनी गर्लफ्रेंड बताता था और उस पर शादी करने के लिए अनुचित दबाव बना रहा था। आरोपी कथित तौर पर यह भी कहता था कि उसके साथ उत्तराखंड के लोगों का जनसमर्थन है और अगर महिला ने उसकी बात नहीं मानी तो वह उसके खिलाफ झूठे वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर वायरल कर देगा।
मामले में एक और गंभीर मोड़ तब आया जब 3 मई 2026 को महिला के मोबाइल पर एक अज्ञात नंबर से फोन आया। कॉल करने वाले व्यक्ति ने अपना नाम Trilok Nakoti बताया और कहा कि वह आरोपी का दोस्त है। उसने दावा किया कि केशव थलवाल ने आत्महत्या का प्रयास किया है और वह अस्पताल में भर्ती है। महिला का आरोप है कि फोन करने वाले ने उसे इस घटना के लिए जिम्मेदार ठहराते हुए आरोपी से शादी करने का दबाव बनाया।
पीड़िता के अनुसार आरोपी और उसके सहयोगियों द्वारा लगातार मानसिक उत्पीड़न किया जा रहा था। आरोपी कथित तौर पर महिला को आत्महत्या और सुसाइड नोट में उसका नाम लिखकर झूठे मुकदमे में फंसाने की धमकी देता था। इन घटनाओं के बाद महिला ने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई, जिस पर कोतवाली नगर पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर लिया है। पुलिस के अनुसार महिला अधिवक्ता की शिकायत के आधार पर कोतवाली नगर में मुकदमा संख्या 183/2026 धारा 318(2), 351(3) और 78 बीएनएस के तहत केस दर्ज किया गया है। फिलहाल मामले की जांच जारी है और पुलिस सभी पहलुओं की गहनता से जांच कर रही है।